कार पर पर्ची लगा कर दी आरटीआइ कार्यकर्ता को गोली मारने की धमकी
आरटीआइ कार्यकर्ता रमेश यादव को गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: आरटीआइ कार्यकर्ता रमेश यादव को गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक आरटीआइ कार्यकर्ता रमेश यादव एवं बलबीर सिंह बृहस्पतिवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे जिला अदालत से निकलकर विकास सदन के नजदीक अपनी कार में बैठने जा रहे थे। उसी समय देखा कि उनकी कार के सामने वाले स्क्रीन पर वाइपर के नीचे एक पर्ची थी। पर्ची पर लिखा है कि केस वापस ले लो नहीं तो गोली मार दूंगा।
उसी समय उन्होंने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में शिवाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद रमेश यादव आरटीआइ कार्यकर्ता ओमप्रकाश कटारिया, बलबीर सिंह एवं रविद्र यादव के साथ थाने पहुंचे और शिकायत दी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। बता दें कि रमेश यादव ने पिछले कुछ सालों के दौरान कई मामलों को उजागर किया है। उनकी शिकायत पर ही मंगलवार रात बादशाहपुर के नायब तहसीलदार सहित चार लोगों के खिलाफ सेक्टर-56 थाने में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है। हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर में आई गड़बड़ी, रामपुरा फ्लाईओवर में आई गड़बड़ी के खिलाफ भी उन्होंने ही थाने में शिकायत दी थी। इनके अलावा भी कई मामलों को उन्होंने थाने से लेकर अदालत तक पहुंचाया। अब किस मामले में उन्हें धमकी दी गई है, यह जांच से ही सामने आएगा।