सुखद संकेत: 35 हजार से 312 पर पहुंचा होम आइसोलेट मरीजों का आंकड़ा
होम आइसोलेट मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने के बाद आक्सीजन की डिमांड भी काफी हद तक घट गई है। होम आइसोलेट मरीजों की संख्या कम हो गई है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: होम आइसोलेट मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होने के बाद आक्सीजन की डिमांड भी काफी हद तक घट गई है। होम आइसोलेट मरीजों की संख्या कम हो गई है। अप्रैल-मई में होम आइसोलेट मरीजों की संख्या 35 हजार पर पहुंच गई थी, लेकिन हालात सुधरने के बाद अब होम आइसोलेशन में 312 मरीज ही हैं। निगम की ओर से होम आइसोलेशन वाले मरीजों की मांग पर आक्सीजन सिलेंडर की होम डिलीवरी दी जा रही है। मई माह में जहां रोजाना आक्सीजन सिलेंडर की मांग 100 से ज्यादा पहुंच गई थी, जो कि अब घटकर 15 से 20 ही रह गई है।
मरीजों को नगर निगम और दो निजी कंपनियों जोमैटो और डेल्हीवरी द्वारा आक्सीजन सिलेंडर की होम डिलीवरी दी गई है। पटौदी, हेलीमंडी, मानेसर, सोहना और फरुखनगर सहित ग्रामीण इलाकों में भी आक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। आक्सीजन सिलेंडर की जरूरत के लिए श्र34द्दद्गठ्ठद्धह्म4.द्बठ्ठ पोर्टल पर आनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इस पोर्टल पर मरीज को आक्सीमीटर में आक्सीजन लेवल के साथ अपनी फोटो अपलोड करनी होती है। 90 या इससे कम आक्सीजन लेवल वाले मरीजों को आक्सीजन सिलेंडर दिए जा रहे हैं। नगर निगम के क्षेत्रीय कराधान अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि मरीजों के ठीक होने के बाद आक्सीजन की काफी कम मांग हो रही है।
जिले में ये है कोरोना की स्थिति
- होम आइसोलेशन में हैं 312 मरीज
- कोविड केयर सेटर में एक भी मरीज भर्ती नहीं है।
- अस्पतालों में कोरोना संक्रमित 20 मरीज भर्ती हैं।
- रोजाना कोरोना के 12 से 15 नए मरीज मिल रहे हैं।