हरियाणा के 5 गांवों में बदलेंगे हालात, 65 करोड़ से सुधरेंगी सीवरेज और पेयजल सुविधाएं
पंचग्राम योजना के तहत दक्षिण हरियाणा के पांच गांवों में सीवरेज और पेयजल सुविधाओं के विकास पर लगभग 65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
-1791024651600_m.webp)
हरियाणा के 5 गांवों में बदलेंगे हालात। AI जनरेटेड
HighLights
पंचग्राम योजना में पांच गांवों में 65 करोड़ खर्च होंगे।
सीवरेज और पेयजल सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
एसटीपी के पानी से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दक्षिण हरियाणा के गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पंचग्राम योजना के तहत पांच गांवों में करीब 65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना में टीकली, अकलीमपुर, गैरतपुर, सकतपुर और हसनपुर में सीवरेज तथा पेयजल व्यवस्था को विकसित किया जाएगा।
शनिवार को प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने सकतपुर और हसनपुर में सीवरेज कार्य का शिलान्यास किया। सकतपुर में सामुदायिक भवन का उद्घाटन भी किया गया।
व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद
योजना के तहत गांवों में व्यवस्थित सीवरेज नेटवर्क विकसित करने के साथ पेयजल सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी और स्वच्छता की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। सकतपुर और हसनपुर में सीवरेज कार्य शुरू होने के साथ ही पंचग्राम योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों को गति मिली है।
विकास कार्यों के शिलान्यास के दौरान राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार का जोर ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तरह आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, सीवरेज, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।
एसटीपी के पानी से होगा जल संरक्षण
योजना में केवल सीवरेज व्यवस्था विकसित करने पर ही जोर नहीं दिया गया है, बल्कि उपचारित पानी के दोबारा उपयोग और भूजल संरक्षण की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से उपचारित पानी का उपयोग गांवों के जोहड़ों में जल संरक्षण के लिए किया जाएगा।
इससे वर्षा जल के साथ उपचारित पानी को भी जलाशयों में संचित करने और भूजल स्तर को रिचार्ज करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों को लाभ मिलने की उम्मीद
राव नरबीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का उद्देश्य ऐसी स्थायी व्यवस्था तैयार करना है, जिसका लाभ लोगों को लंबे समय तक मिल सके। पंचग्राम योजना के तहत पांच गांवों में सीवरेज और पेयजल सुविधाओं के विकास से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
वहीं, कार्यक्रम में सकतपुर के सरपंच छत्रपाल, पूर्व सरपंच प्रीतम, शाहिद, हाजी हजमत, हाकिम नंबरदार, डॉ. शेर सिंह गिरवर तथा हसनपुर से जिला कष्ट निवारण समिति सदस्य सुभाष बोकन, अजीत बोकन, हरि एडवोकेट, सरपंच बिजन और जीतराम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
