बंधवाड़ी कचरा निस्तारण को लेकर सख्त एनजीटी, मांगा नगर निगम से जवाब
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने गुरुग्राम नगर निगम से बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और भविष्य के प्रबंधन पर जवाब मांगा है।
-1794187035015_m.webp)
बंधवाड़ी कचरा निस्तारण पर एनजीटी ने गुरुग्राम नगर निगम से मांगा विस्तृत जवाब ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
एनजीटी ने गुरुग्राम नगर निगम से जवाब तलब किया।
बंधवाड़ी लैंडफिल पर कचरा निस्तारण की प्रगति पर सवाल।
भविष्य के कचरा प्रबंधन पर भी मांगी विस्तृत जानकारी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और भविष्य में जमा होने वाले कचरे के प्रबंधन को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने नगर निगम गुरुग्राम से जवाब तलब किया है।
अधिकरण ने हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के सचिव और नगर निगम आयुक्त को छह प्रमुख बिंदुओं पर शपथपत्र दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
देनी होगी विस्तृत जानकारी
इसमें पुराने कचरे के प्रसंस्करण से तैयार कम्पोस्ट के वास्तविक उपयोग, इनर्ट वेस्ट के निस्तारण, कचरा हटने के बाद खाली हुई जमीन के इस्तेमाल और नए कचरे के प्रबंधन की विस्तृत जानकारी देनी होगी।
बंधवाड़ी में कुल 58.30 लाख मीट्रिक टन कचरे में से 43.53 लाख मीट्रिक टन का प्रसंस्करण हो चुका है, जबकि 14.77 लाख मीट्रिक टन कचरा अभी शेष है।
एनजीटी ने नगर निगम से जिन बिंदुओं पर शपथपत्र मांगा है, उनमें पुराने कचरे के प्रसंस्करण से कितनी कम्पोस्ट तैयार हुई और उसका वास्तविक उपयोग कहां किया गया, प्रसंस्करण से निकले इनर्ट वेस्ट की कितनी मात्रा है और उसका निस्तारण अथवा उपयोग किस तरह किया जा रहा है।
पुराने कचरे के निस्तारण के बाद कितनी जमीन खाली हुई और उसका भविष्य में किस काम के लिए उपयोग किया जाएगा, बंधवाड़ी में पुराने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की अब तक क्या प्रगति रही है।
प्रतिदिन निकलने वाले नए कचरे और उसकी प्रसंस्करण क्षमता के बीच अंतर खत्म करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं और मार्च से जुलाई 2027 के बीच प्रतिदिन जमा होने वाले अतिरिक्त कचरे का प्रबंधन किस तरह किया जाएगा, यह शामिल है।
निस्तारण के बाद भी बचेगा 8.50 लाख टन
नगर निगम की चार नवंबर 2026 की स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2023 में बंधवाड़ी लैंडफिल पर 30.43 लाख मीट्रिक टन पुराना कचरा था। जनवरी 2023 से अक्टूबर 2026 तक 27.87 लाख मीट्रिक टन नया कचरा भी यहां पहुंचा।
इस तरह कुल कचरे की मात्रा 58.30 लाख मीट्रिक टन हो गई। 31 अक्टूबर तक 43.53 लाख मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण किया जा चुका है। अभी 14.77 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण बाकी है।
निगम के अनुसार, मौजूदा 14 लाख मीट्रिक टन और अतिरिक्त 2.8 लाख मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण संबंधी समझौते पूरे होने के बाद भी करीब 8.50 लाख मीट्रिक टन कचरा शेष रहने का अनुमान है।
नए कचरे के प्रबंधन पर भी सवाल
अधिकरण ने पुराने कचरे के निस्तारण की समयसीमा और प्रतिदिन निकलने वाले नए कचरे की पूरी प्रसंस्करण क्षमता विकसित करने की समयसीमा के बीच अंतर पर सवाल उठाया है। नगर निगम ने इस अंतर को खत्म करने के लिए 31 जुलाई 2027 तक का लक्ष्य निर्धारित किया है।
एनजीटी ने पूछा है कि मार्च से जुलाई 2027 के बीच प्रतिदिन निकलने वाले अतिरिक्त कचरे का प्रबंधन कैसे किया जाएगा। निगम को इस अवधि के लिए स्पष्ट व्यवस्था बतानी होगी, ताकि नए कचरे का ढेर दोबारा न बढ़े। मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी 2027 को होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।