कोर्ट में गवाही देने जा रही किन्नर को बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती Gurugram News
गुरुग्राम में कोर्ट में गवाही देने जा रही एक किन्नर को बदमाशों गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर राजीव चौक के नजदीक पुलिस बूथ के सामने गोली चलाए जाने की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था के ऊपर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। वारदात से लघु सचिवालय एवं जिला अदालत परिसर में हड़कंप मचा रहा। अधिकतर लोगों को शुरू में विश्वास ही नहीं हुआ। जब सच्चाई सामने आई तो सभी के होश उड़ गए।
बुधवार सुबह अदालत में पेशी पर आई किन्नर मीनू के ऊपर बाइक सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं। उनमें से तीन गोली उसे लगी, जिस जगह को बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए चुना वह लघु सचिवालय एवं जिला अदालत परिसर से 100 मीटर की दूरी पर है। लघु सचिवालय में जिला उपायुक्त सहित कई विभागों के आला अधिकारी बैठते हैं। यही नहीं पुलिस महकमे के भी कई आला अधिकारी बैठते हैं। जिला अदालत परिसर के भीतर व बाहर भी पुलिस तैनात रहती है। इसके बाद भी महज 100 कदम की दूरी पर वारदात की। साफ है कि बदमाशों को पता था कि कहां से कैसे निकलना है।
कई बार हो चुके हैं किन्नरों के बीच खूनी संघर्ष
किन्नरों के बीच इलाके में वर्चस्व को लेकर कई बार संघर्ष हो चुका है। वर्चस्व को लेकर ही खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर 28 नवंबर 2018 को रजनी गुट एवं मीनू गुट के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। उसी दौरान गोली लगने से रजनी की मौत हो गई थी। मामले में मीनू सहित कई किन्नरों को गिरफ्तार किया गया था। कुछ जमानत पर है जबकि कुछ अभी भी जेल में ही बंद हैं। जेल में बंद आरोपितों में पिंडा भी शामिल है। आरोप है कि उसी ने रजनी के ऊपर गोली चलाई थी। बताया जाता है कि रजनी गुट एवं मीनू गुट के बीच इसी महीने 10 फरवरी को समझौता हो गया था। इसके बाद ही 11 फरवरी को मीनू जमानत पर बाहर आई थी। बाहर आने के बाद वह मानेसर में किराये पर रह रही थी।