यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए 3.5 लाख परिवारों को मिलेगा निमंत्रण, अयोध्या से लाए दिए जाएंगे अक्षत
रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए स्थानीय स्तर पर साढ़े तीन लाख परिवार को निमंत्रण दिया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गुरुग्राम महानगर इकाई व समवैचारिक संगठनों के द्वारा स्थानीय स्तर पर साढ़े तीन लाख परिवार को निमंत्रण दिया जाएगा। सभी परिवार को अयोध्या से लाए गए अक्षत यानी पीले चावल दिए जाएंगे।
अक्षत लेने के बाद सभी परिवार अयोध्या नहीं जाएंगे, बल्कि नजदीक किसी मंदिर में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। इसके लिए महानगर के सभी प्रमुख मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए मंदिरों में एलईडी की व्यवस्था की जाएगी।
समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी
अगले महीने 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के गर्भगृह का पूजन किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश भर से चार हजार साधु-संतों के साथ ही कुछ विशेष लोग शरीक होंगे। समारोह में देश के करोड़ों लोग शामिल हों इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण कराने की योजना बनाई है।
लाइव प्रसारण की व्यवस्था सभी प्रमुख मंदिरों में कराई जाएगी। योजना के अनुरूप संघ की दृष्टि से गुरुग्राम महानगर के लगभग 100 बड़े मंदिरों में भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान प्राण प्रतिष्ठा लाइव प्रसारण लोग देख सकेंगे। जिन परिवारों को निमंत्रण दिया जाएगा वे अपने नजदीक मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिन्हें निमंत्रण नहीं दिया जाएगा वह भी किसी भी मंदिर में कार्यक्रम का हिस्सा बन सकते हैं।
एक से 15 जनवरी तक चलेगा अभियान
अगले महीने एक से 15 जनवरी तक निमंत्रण देने के लिए अभियान चलाया जाएगा। संघ की दृष्टि से गुरुग्राम महानगर के अंतर्गत 18 नगर हैं। सभी नगर के लिए 10-10 कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जाएगी। यही नहीं महानगर स्तर पर 100 कार्यकर्ताओं की टीम होगी। सभी टीमें साढ़े तीन लाख परिवारों तक अयोध्या से निमंत्रण के रूप में लाए गए अक्षत पहुंचाएंगे।
अभियान के संयोजक की जिम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद के मंत्री यशवंत शेखावत को दी गई। पूरा अभियान संघ के महानगर संघचालक जगदीश ग्रोवर एवं महानगर कार्यवाह व अधिवक्ता संजीव सैनी के मार्गदर्शन में चलेगा। अभियान के दौरान श्रीराम मंदिर की फोटो भी वितरित की जाएगी।
प्रांत प्रचारक ने ली बैठक
अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के दौरान गुरुग्राम महानगर में भी अयोध्या जैसा जश्न का माहौल हो, इसे लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक विजय कुमार ने संघ कार्यालय माधव भवन में बैठक की। इसमें संघ के पदाधिकारियों के साथ ही समवैचारिक संगठनों के 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी से विजय कुमार ने कहा कि गुरुग्राम महानगर में भी वैसा ही माहौल बनाना है जैसा अयोध्या में बनेगा।
प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद उसी दिन रात में सभी अपने घरों में दीपावली की तरह दीप जलाएंगे। 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम अपने घर में विराजमान हो रहे हैं। हम सभी धन्य हैं जो अपनी आंखों से ऐसा दृश्य देखेंगे। जो लोग मंदिर किसी कारण से नहीं पहुंच सकते वे अपने घर में भी बैठकर प्राण प्रतिष्ठा के दिन भगवान श्रीराम का स्मरण करें।