मेघालय की रहने वाली नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो आरोपित हिरासत में Gurugram News
उत्तर-पूर्व की रहने वाली एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
गुरुग्राम, जेएनएन। उत्तर-पूर्व की रहने वाली एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक एक युवक उसे मेघालय से साथ लेकर राजेंद्रा पार्क दो अगस्त को पहुंचा। उसे एक कमरे में रखा गया। शिकायत के अनुसार दिन में एक अन्य युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। फिर उसे रात में गांव चौमा इलाके में लेकर दोनों गए। वहां पर एक कमरे में उसके साथ दोनों ने जबर्दस्ती बीयर पिलाकर दुष्कर्म किया।
इसके बाद दिल्ली इलाके में ले गए। वहां पर भी दुष्कर्म किए जाने की शिकायत है। कुल मिलाकर चार युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पांच अगस्त को किसी तरह सभी के चंगुल से निकलकर पीड़िता ने दिल्ली में अपने एक जानकार से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई। बताया जाता है कि उसने नई दिल्ली स्थित मेघालय भवन में भी इस बात की शिकायत की है।
शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस (पश्चिम) ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सूत्र बताते हैं कि मामले के दो आरोपित मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं जबकि एक गुरुग्राम के गांव चौमा एवं एक जींद का रहने वाला है। सभी की पहचान हो चुकी है। दो को हिरासत में भी ले लिया गया है। इस बारे में पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन का कहना है कि शिकायत सामने आते ही मामला दर्ज कर आरोपितों की पहचान शुरू कर दी गई। जल्द ही सभी आरोपित पुलिस के गिरफ्त में होंगे। आरोपितों की गिरफ्तारी से पूरी सच्चाई सामने आएगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप