रमजान में खाजा फेनी व खजूर बने एनसीआर के लोगों की पहली पसंद
दुकानदारों के अनुसार फेनी को बनाना बहुत आसान होता है। स्वीट डिश के तौर पर इस समय यह खूब प्रयोग में लाया जा रहा है।
गुरुग्राम (जेएनएन)। सेवइयों की रेडिमेड किस्में खाजा फेनी, खजूर, सूखे मेवे की बहुत सारी दुकानें जामा मस्जिद के आस-पास सज गई हैं। रमजान के दौरान सहरी और इफ्तार के लिए प्रयोग में लाई जाने वाली चीजों का व्यापार बढ़ गया है।
व्यापारियों ने बताया कि फेनी पूरे रमजान में ली जाती है। इसकी कई किस्मे हैं। भुनी और बगैर भुनी हुई फेनी भी हैं। रंगों में भी सफेद, भूरे और पीले रंगों की फेनी मौजूद है।
दुकानदार नईम ने बताया कि लोग इसे फिरनी भी कहते हैं। कई किस्मों की फेनी इस समय बाजार में हैं। दुकानदारों के अनुसार फेनी को बनाना बहुत आसान होता है। स्वीट डिश के तौर पर इस समय यह खूब प्रयोग में लाया जा रहा है।
खजूर की आम और प्रीमियम किस्में भी खरीदी जा रही हैं। सदर बाजार में जामा मस्जिद के अलावा राजीव नगर, शीतला कालोनी, सेक्टर 14 मार्केट पालम विहार में भी फेनी, खजूर की दुकानें सजी हैं। खजूर की भी देशी विदेशी किस्म बाजार की शान बढ़ा रही है।
सदर बाजार, बस स्टैंड के आस-पास की दुकानों में शाम के वक्त इफ्तार के मद्देनजर दुकानदार कई तरह पकौड़े और उबले चने भी सजाकर रखने लगे हैं। रोजा रखने वाले लोग इफ्तार के समय खरीदते हैं।
सदर बाजार में जामा मस्जिद में रोजा खोलने के लिए जुटने वाले रोजेदार मस्जिद से निकलने के बाद दुकानों में एकत्र होकर स्नैक्स की चीजें खरीदते हैं।