सरेआम शराब पीने वाले पति से परेशान महिला ने भेजवाया जेल, पढ़े रोचक स्टोरी Gurugram News
पति की शराब पीने की आदत से परेशान होकर एक महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पति को हवालात में बंद करने की गुहार लगाई।
गुरुग्राम, जेएनएन। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां पर एक महिला ने शराबी पति को हवालात की हवा खिला दी। दरअसल, पति की शराब पीने की आदत से परेशान होकर एक महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर पति को हवालात में बंद करने की गुहार लगाई। पहले दिन तो पुलिस कर्मी उस व्यक्ति को समझा कर चले गए। लेकिन उसके अगले ही दिन फिर उसने वही हरकत दोहराई। महिला ने एक बार फिर पुलिस को फोन किया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शराबी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मामला गुरुग्राम जिले के पटौदी क्षेत्र के गांव बास पदमका का है। गांव के सार्वजनिक स्थल पर बैठकर शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किए गए सतीश पर गाली-गलौच करने का भी आरोप है। उसकी रोजाना की आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति की हरकतों के चलते गांव का माहौल भी खराब हो रहा है।
पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने पुलिस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सतीश के अलावा गुरुग्राम शहर के अन्य थाना क्षेत्रों से भी सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने के आरोप में 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।