यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kingdom of Dreams: जंगूरा और झुमरू की अब सिर्फ याद... बॉलीवुड में खूब मशहूर हुए थे किंगडम ऑफ ड्रीम्स के शो
Kingdom of Dreams के मशहूर शो जंगूरा और झुमरू अब सिर्फ याद बनकर रह गए हैं। पिछले दो साल से ...और पढ़ें

HighLights
- किंगडम ऑफ ड्रीम्स का नौटंकी महल थिएटर और कल्चर गली दो साल में जले
- कॉमनवेल्थ गेम्स का थीम सॉन्ग भी केओडी के मंच पर हुआ था लॉन्च
- नौटंकी महल थिएटर में गौहर खान सहित बड़े एक्टर करते थे अभिनय
संदीप रतन, गुरुग्राम। बॉलीवुड में खूब मशहूर हुए जंगूरा... द जिप्सी प्रिंस और झुमरू शो की दर्शकों के दिलों में सिर्फ अब याद रह गई है। यूं तो पिछले दो साल से किंगडम ऑफ ड्रीम्स (केओडी) के बंद होने से इसके नौटंकी महल में कोई थिएटर शो नहीं हो रहा था, लेकिन अब कल्चर गली और पिछले साल थिएटर के जलने से इनके दोबारा शुरू होने की कोई उम्मीद भी नहीं बची है।
दिल्ली-NCR में था अट्रैक्शन का केंद्र
करोड़ों रुपये बकाया होने के चलते किंगडम ऑफ ड्रीम्स (Kingdom of Dreams) को वर्ष 2024 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सील कर दिया था। केओडी पूरे दिल्ली-एनसीआर में आकर्षण का केंद्र था। यहां तक कि विदेशी सैलानी भी केओडी के थिएटर शो देखने के लिए आते थे।

किंगडम ऑफ ड्रीम्स बंद होने से पहले यहां के कल्चर गली रेस्टोरेंट में देश के 14 राज्यों का जायका मिलता था। फोटो- सोशल मीडिया
कॉमनवेल्थ गेम्स का थीम सॉन्ग भी केओडी के मंच पर हुआ था लॉन्च
29 जनवरी 2010 को केओडी का शुभारंभ हुआ था। 14 राज्यों के जायके वाली कल्चर गली रेस्टोरेंट की शुरुआत 30 जुलाई 2010 को हुई। 28 अगस्त 2010 को कॉमनवेल्थ गेम्स का थीम सॉन्ग (ए आर रहमान) जीयो, उठो, बढ़ो, जीतो भी किंगडम ऑफ ड्रीम्स के मंच पर लॉन्च किया गया था।

पहले ऐसा दिखता था कल्चर गली रेस्टोरेंट। फोटो- जागरण
लगभग 12 साल तक इसमें खूब नाटक मंचन हुए और वीकेंड पर इसके थिएटर शो के लिए खूब भीड़ रहती थी। 19 सितंबर 2010 में ही बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान को केओडी कॉम्प्लेक्स का ग्लोबल एंबेसडर घोषित किया गया था।
.jpeg)
बॉलीवुड से रहा नाता ...गौहर खान सहित कई एक्टर कर चुके परफॉर्म
केओडी का नौटंकी महल थिएटर कोई आम थिएटर नहीं था। यहां के दोनों प्रसिद्ध शो जंगूरा... द जिप्सी प्रिंस और आवाज के जादूगर और कामेडी के सरताज किशोर कुमार की याद में शुरू किए शो झुमरू में कई बॉलीवुड एक्टर परफॉर्म कर चुके हैं।
गौहर खान, कश्मीरा इरानी और हुसैन कुवाजेरवाला ने जंगूरा में मुख्य भूमिका में थे। झूमरू ने भी दर्शकों को खूब हंसाया था। दोनों के एक-एक हजार से ज्यादा शो केओडी में हुए थे।
अब पब और बार से पहचान
रंगमंच से जुड़े कलाकार विश्वदीपक त्रिखा का कहना है कि गुरुग्राम की विश्वभर में पहचान है, लेकिन यहां पर कलाकारों के लिए कोई स्टेज नहीं है। थिएटर की सविधा नहीं है।
केओडी के शो देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेश के लोग भी आते थे। इतने बड़े शहर में सांस्कृतिक केंद्र तो होना ही चाहिए। गुरुग्राम की पहचान सिर्फ पब-बार कल्चर से हो रही है।