Move to Jagran APP

हरियाणा पुलिस के हवलदार सुरेश कुमार का विदेशों में बजता है डंका, जानें इनकी उपलब्‍धि

हवलदार सुरेश कुमार घुड़सवारी में न केवल राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं बल्कि अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में 18 पदक जीत चुके हैं।

By Prateek KumarEdited By: Published: Mon, 18 Nov 2019 09:28 PM (IST)Updated: Mon, 18 Nov 2019 09:29 PM (IST)
हरियाणा पुलिस के हवलदार सुरेश कुमार का विदेशों में बजता है डंका, जानें इनकी उपलब्‍धि
हरियाणा पुलिस के हवलदार सुरेश कुमार का विदेशों में बजता है डंका, जानें इनकी उपलब्‍धि

बादशाहपुर, गुरुग्राम [महावीर यादव]। घुड़सवारी में कौशल प्रदर्शन करने में हरियाणा पुलिस के हवलदार सुरेश कुमार का कोई सानी नहीं है। हवलदार सुरेश कुमार घुड़सवारी में न केवल राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में 18 पदक जीत चुके हैं। पांच देशों में अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में अपना कौशल दिखा देश का नाम रोशन किया है। सबसे खास बात यह है कि जब सुरेश कुमार पुलिस में भर्ती हुए थे, उसी समय उनके घोड़े ओम को भी पुलिस में भर्ती किया गया था। अपने घोड़े ओम के साथ कौशल प्रदर्शन करते हुए हवलदार सुरेश कुमार विश्व में चौथे पायदान पर हैं। विश्व भर के टॉप 10 घुड़सवारों में उनका नाम दर्ज है।

loksabha election banner

2012 में बतौर सिपाही हुए थे भर्ती

सुरेश कुमार हरियाणा पुलिस में बतौर सिपाही 2012 में भर्ती हुए थे। वह सेना में भी घुड़सवारी करते थे। फरुखनगर खंड के गांव जुड़ोला में किसान परिवार के सुरेश कुमार को बचपन से ही खेलों के प्रति रुचि थी। बचपन में ही उनके पिता करतार सिंह का निधन हो गया। उनकी मां सतनी देवी और दादा मोहर सिंह ने खेलों के प्रति उनको प्रेरित किया। उनके घुड़सवारी के कौशल को देख हरियाणा पुलिस के तत्कालीन पुलिस महानिदेशक आरएस दलाल काफी प्रभावित हुए। उन्होंने सुरेश कुमार को हरियाणा पुलिस में भर्ती करने की संस्तुति की। ट्रेनिंग के बाद हवलदार के पद पर नियुक्ति मिली।

सात साल के दौरान सुरेश कुमार ने दुनिया में दिखाया अपना जलवा

सात साल के दौरान सुरेश कुमार ने घुड़सवारी की अनेक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया और बेहतर प्रदर्शन कर देश का व हरियाणा पुलिस का नाम ऊंचा किया। 2012 में अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में 18 देशों के घुड़सवारों ने भाग लिया। इसमें सुरेश कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। 2013 में एशियन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में अलग-अलग प्रतियोगिताओं में स्वर्ण व रजत पदक जीते। 2016 में आबू धाबी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, दो रजत व एक कांस्य पदक पर कब्जा किया। मिस्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीते। आस्ट्रेलिया में आयोजित हुई प्रतियोगिता में दो स्वर्ण एक रजत व दो कांस्य पदक जीते।

वरिष्ठ सर्वश्रेष्ठ घुड़सवार घोषित हुए सुरेश कुमार

पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में क्षेत्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में हवलदार सुरेश कुमार को वरिष्ठ सर्वश्रेष्ठ घुड़सवार घोषित किया गया। सुरेश कुमार ने तलवारबाजी में और भाला बाजी में दो स्वर्ण पदक जीते। इस प्रतियोगिता में हरियाणा पुलिस की टीम बेस्ट रही। हरियाणा पुलिस के हरिकेश ने रजत पदक, प्रदीप ने स्वर्ण पदक और रणवीर ने रजत पदक जीता है।

दिल्‍ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्‍लिक


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.