Gurugram woman murder News: वीडियो कॉल पर जोर-जोर से रो रही थी रिदा, बहन ने किया सनसनीखेज खुलासा
Gurugram woman murder News रिदा की बड़ी बहन तरन्नुम मसरूर चौधरी ने बताया कि रिदा ने उन्हें 11 जुलाई की रात को वाट्सएप से वीडियो कॉल की थी। उस दौरान वह काफी परेशान थी।
गुरुग्राम [आदित्य राज]। दिल्ली से सटे गुरुग्राम में तलाकशुदा महिला रिदा मसरूर चौधरी की हत्या में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिदा की बड़ी बहन तरन्नुम मसरूर चौधरी ने बताया कि उनकी बहन रिदा ने उन्हें 11 जुलाई की रात लगभग पौने नौ बजे वाट्सएप से वीडियो कॉल की थी। उस दौरान वह काफी परेशान थी। जोर-जोर से रो रही थी। ऐसा लग रहा था जैसे वह अपने आपको किसी से बचाने का प्रयास कर रही थी। बीच में ही अचानक फोन काट दिया गया। इसके बाद उन्होंने कई बार फोन किया लेकिन काट दिया गया।
हबीब ने की है रिदा की हत्या
इसके बाद उन्होंने दिल्ली के द्वारका में रह रही बहन सीमा मसरूर चौधरी को फोन किया। सीमा ने पुलिस को सूचना दी। फिर मौके पर पुलिस पहुंची व शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। तरन्नुम का कहना है कि उन्हें लग रहा है कि रिदा के कमरे में हबीब ही था। उसी ने हत्या की।
फांसी नहीं लगाई हत्या की गई रिदा की
तरन्नुम की मानें तो रिदा ने फांसी नहीं लगाई है। यदि फांसी लगाने का मामला होता तो फिर शव फंदे से लटका मिलता। शव फर्श पर पड़ा था। डबल बेड बीच से अलग था। उसमें रिदा का एक पैर फंसा था।
आरोपित की गिरफ्तारी की मांग
पुलिस जल्द से जल्द हबीब को गिरफ्तार कर पूछताछ करे, पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। उनकी बहन ने उन्हें कई बार हबीब द्वारा मारपीट किए जाने की बात बताई थी। वह कहती थी कि हबीब साइको है। वह कुछ भी कर सकता है। परेशान होकर वह 12 जुलाई को अलीगढ़ आना चाहती थी। इसके लिए उसने अपने सामान पैक भी कर लिए थे। कैब तक बुक कर रखी थी। लगता है हबीब काे उसका अलीगढ़ जाना मंजूर नहीं था।
बता दें कि रिदा की मौत के बाद से पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।