Move to Jagran APP

Gurugram Nagar Nigam Chunav : नगर निगम मेयर की सीट एक, भाजपा में दावेदार अनेक

गुरुग्राम नगर निगम का कार्यकाल भी दो नवंबर को खत्म हो चुका है। भाजपा ने संगठन की दृष्टि से दोनों निगम चुनाव के लिए मानेसर के लिए पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा और गुरुग्राम नगर निगम के लिए स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता को प्रभारी नियुक्त कर दिया है।

By Satyendra SinghEdited By: Abhishek TiwariPublished: Sun, 29 Jan 2023 11:22 AM (IST)Updated: Sun, 29 Jan 2023 11:22 AM (IST)
Gurugram Nagar Nigam Chunav : नगर निगम मेयर की सीट एक, भाजपा में दावेदार अनेक
Gurugram Nagar Nigam Chunav : नगर निगम मेयर की सीट एक, भाजपा में दावेदार अनेक

सत्येंद्र सिंह, गुरुग्राम। नगर निगम के मेयर का चुनाव पहली बार सीधे मतदाता करेंगे। चुनाव तैयारी में लगी भाजपा ने दावेदारों से आवेदन लेना आरंभ कर दिया है। शुक्रवार को गुरुग्राम नगर निगम चुनाव के प्रभारी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता के सामने आवेदनों की झड़ी लग गई। मेयर के टिकट के लिए 14 आवेदन तो पार्षद के लिए 170 कार्यकर्ताओं ने अपने आवेदन जमा किया। भाजपा के गुरुकमल कार्यालय में आवेदन लिए गए। चुनाव कराने की घोषणा दस फरवरी के पहले की जा सकती है।

loksabha election banner

भाजपा गुरुग्राम और मानेसर दोनों नगर निगमों के चुनाव के लिए तैयार हैं। हालांकि अभी वार्ड बंदी की प्रकिया पूरी नहीं हुई है। मानेसर नगर निगम का पहली बार गठन किया गया है। अभी तक वहां चुनाव नहीं हुए हैं। मानेसर नगर निगम के लिए कभी भी चुनाव का बिगुल बज सकता है।

गुरुग्राम नगर निगम का कार्यकाल भी दो नवंबर को खत्म हो चुका है। भाजपा ने संगठन की दृष्टि से दोनों निगम चुनाव के लिए मानेसर के लिए पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा और गुरुग्राम नगर निगम के लिए स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता को प्रभारी नियुक्त कर दिया है। चुनाव को लेकर भाजपा में गुरुकमल में कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने के लिए कई दौर की बैठकें भी हो चुकी है।

आवेदन देने के लिए दो दिन पहले ही सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सूचित कर दिया गया थी कि नगर निगम चुनाव में भाजपा की टिकट लेने के इच्छुक कार्यकर्ता और पदाधिकारी चुनाव प्रभारी को अपना बायोडाटा जमा करा दें। स्थानीय निकाय मंत्री गुरुकमल कार्यालय में बायोडाटा लेने के लिए पहुंचे उनके साथ जिला महामंत्री मनीष गाडौली और महेश यादव तथा पूर्व महामंत्री मनोज शर्मा भी मौजूद रहे।

मेयर का चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक 14 लोगों पर आए बायोडाटा

मेयर का चुनाव लड़ने के भाजपा के 14 पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने अपने बायोडाटा जमा कराएं। सबसे पहले हरियाणा सरकार में सीएसआर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष और उद्योगपति बोधराज सीकरी ने मेयर की टिकट पाने को अपना बायोडाटा दिया। इसके अलावा भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष सुमन दहिया, पूर्व सरपंच अनिल यादव, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य वैशाली तोमर, प्रदीप पोसवाल, लीलू सरपंच, कपिल दुआ, प्रमोद सलूजा, योगिता धीर, कविता चौहान और निवर्तमान निगम पार्षद रमारानी राठी ने भाजपा की टिकट के लिए दावेदारी पेश की है।

अभी इनकी संख्या बढ़ सकती है। कई चेहरे ऐसे भी सामने आ सकते हैं जिनके नाम संगठन के पदाधिकारी ही शहर की राजनीति को भापते हुए आगे रखेंगे। मेयर उम्मीदवार के नाम पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सहमति से ही पार्टी हाईकमान की ओर से मुहर लगनी है।

170 ने किया निगम पार्षद टिकट के लिए दावा

नगर निगम का चुनाव लड़ने के लिए भाजपा में कार्यकर्ताओं की लंबी सूची है। 35 वार्ड के लिए 170 पदाधिकारियों ने भाजपा का उम्मीदवार बनने की दावेदारी की है। नगर निगम का दायरा बढ़ाए जाने के बाद चुनाव से पहले नगर निगम के वार्डों की संख्या बढ़ाकर 40 की जानी है। फिलहाल नगर निगम में 35 वार्ड है। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी का कहना है अभी कार्यकर्ताओं का मन टटोला जा रहा है। मेयर का चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं ने रुचि जानी जा रही है।

पहली बार मेयर पद के लिए सीधा होना है चुनाव

नगर निगम के बाद तीसरी बार चुनाव होने जा रहे हैं। दो योजनाओं में नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव निगम पार्षद चुने जाने के बाद सदन की पहली बैठक में बहुमत से किया जाता था। मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में पार्षदों की मनाने के लिए कई तरह के खेल हुए थे।

पार्षदों को जयपुर तथा गोवा का भ्रमण कराया गया था। इस खेल को बंद करने के लिए सरकार ने मेयर का चुनाव सीधे कराने का निर्णय लिया है। नगर परिषद के चुनाव में सरकार यह प्रयोग कर चुकी है। गुरुग्राम नगर निगम में सीधे चुनाव कराए जाने का प्रविधान होने के बाद यह पहला चुनाव है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.