ध्यानचंद टीम ने जीत के साथ किया शानदार आगाज, विरोधी टीम को 4-1 से हराया
सुपर लीग का पहला मैच मेजर ध्यानचंद हॉकी क्लब व वी भास्करण हॉकी क्लब टीमों के बीच खेला गया।
गुरुग्राम (जेएनएन)। नेहरू स्टेडियम में खेली जा रही सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद सेवन ए साइड हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को सुपर लीग के सेमीफाइनल मुकाबले शुरू हो गए। सुपर लीग का पहला मैच मेजर ध्यानचंद हॉकी क्लब व वी भास्करण हॉकी क्लब टीमों के बीच खेला गया।
इस मुकाबले में ध्यानचंद टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज कर सुपर लीग में शानदार आगाज किया। मैच के चौथे मिनट में ध्यानचंद टीम को मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील करते हुए तेजतर्रार स्ट्राइकर सजन दलाल ने टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
स्ट्राइकर भूपेंद्र के बेहतरीन फील्ड 2 गोल और उज्ज्वल ने 1 गोल की बदौलत टीम ने 4-1 से जीत दर्ज की। हरियाणा हॉकी एसोसिएशन के जिला महासचिव फूल कुमार ने बताया कि सुपर लीग में चार टीमें पहुंची हैं, जिसमें मेजर ध्यानचंद हॉकी क्लब व वी भास्करण हॉकी क्लब और चरणजीत सिंह हॉकी क्लब टीम व बलबीर सिंह सीनियर हॉकी क्लब पहुंची है।
कुमार ने कहा कि चारों टीमें सुपर लीग में आपस में मुकाबले खेलेंगी, जो टीमें टॉप दो में रहेंगी, वही फाइनल खेलेंगी। इस मौके पर हॉकी प्रशिक्षक अशोक कुमार,पूर्व हॉकी खिलाड़ी विरेंद्र यादव, अंपायर पूजा चौधरी, शिशुपाल सैनी, पूर्व हॉकी खिलाड़ी हेमंत शर्मा, भूपेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी महेंद्र सिंह हॉकी प्रशिक्षक अशोक कुमार भरोसा ट्रस्ट के अध्यक्ष व प्रतियोगिता आयोजक राहुल बहुखंडी भी उपस्थित रहे।