अमित शाह को लेकर अफवाह फैलाने वाले पर मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
अधिवक्ता महेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि ट्विटर चलाने वाले ने गैरकानूनी कदम उठाते हुए गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जारी पत्र को गलत तरीके से संपादित किया।
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्वास्थ्य के बारे में ट्विटर माध्यम से अफवाह फैलाने वाले रोल्फ गांधी (राहुल गांधी दो) के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामला सेक्टर 10 ए निवासी व सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता महेश यादव की शिकायत पर दर्ज किया है। मामला केंद्रीय गृह मंत्री से जुड़ा होने के कारण साइबर क्राइम थाना के इंस्पेक्टर विवेक कुंडू खुद जांच में जुटे हुए हैं। ट्विटर पर अफवाह फैलाई जाने के बाद खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने स्वास्थ्य को लेकर जनता को संदेश दिया था कि वह बिल्कुल स्वस्थ है।
अधिवक्ता महेश यादव ने पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकील को दी शिकायत में कहा कि ट्विटर हैंडल चलाने वाले ने गैर कानूनी कदम उठाते हुए गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जारी पत्र को गलत तरीके से संपादित किया और वास्तविक तथ्यों को तोड़ मरोड़ दिया।
ट्विटर हैंडल को चलाने वाले व्यक्ति ने केंद्रीय गृह मंत्री के स्वास्थ्य के बारे में लोगों में भ्रम फैला आपराधिक तरीके से गलत सूचना परोसने का प्रयास किया गया। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने अपने स्वास्थ्य के संबंध में जो पत्र में भाव व्यक्त किए थे। उस पत्र के साथ छेड़छाड़ कर राहुल गांधी के नाम से चलाए जा रहे ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया उस व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उसकी शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अभी संबंध में कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
नहीं रुक रही शराब की तस्करी
इधर, गुरुग्राम में शराब की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार शाम भी अलग-अलग इलाकों से तीन लोग गिरफ्तार किए गए। क्राइम ब्रांच मानेसर की टीम ने एक युवक को कासन की ढाणी से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान झज्जर जिले के बहादुरगढ़ निवासी नारायण सिंह के रूप में की गई। उसके कब्जे से तीन पेटी देशी शराब बरामद की गई।
क्राइम ब्रांच फरुखनगर की टीम ने एक आरोपित को खेड़ा खुर्रमपुर की ढाणी से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान खुर्रमपुर के ही रहने वाले सोनू के रूप में की गई। उसके कब्जे से दो पेटी देशी शराब बरामद की गई। इसी तरह सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने एक युवक को गांव वजीराबाद मोड़ के नजदीक से छह पेटी देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसकी पहचान गांव गढ़ी हरसरू निवासी विनोद के रूप में की गई।