Gurugram: सांसद के कथित आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर यू-ट्यूब वीडियो खबर बनाने वालों पर केस
Gurugram News इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक के कथित आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर एक यू-ट्यूब चैनल और फेसबुक पर वीडियो खबर प्रसारित होने के मामले में साइबर थाना ईस्ट पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह केस गुरुग्राम भाजपा के आईटी सेल (Gurugram BJP IT Cell) के अध्यक्ष अरुण कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक के कथित आपत्तिजनक वीडियो के आधार पर एक यू-ट्यूब चैनल और फेसबुक पर वीडियो खबर प्रसारित होने के मामले में साइबर थाना ईस्ट पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह केस गुरुग्राम भाजपा के आईटी सेल के अध्यक्ष अरुण कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया है। साइबर पुलिस ने वीडियो खबर चलाने वाले दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है।
भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि उन्हें एक यू-ट्यूब चैनल और फेसबुक पर वीडियो खबर प्रसारित होती हुई मिली। इसमें सोनीपत के सांसद रमेश कौशिक और भाजपा हरियाणा के प्रभारी बिप्लब कुमार देब का नाम गलत तरीके से पेश किया गया।
अरुण कुमार का कहना है कि इससे पहले इंटरनेट मीडिया पर भी सांसद रमेश कौशिक का कथित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित हो रहा था। यह वीडियो भी काफी पुराना था। इसके आधार पर यू-ट्यूब और फेसबुक पर वीडियो खबर प्रसारित की गई।
भाजपा के दोनों दिग्गज नेताओं को बदनाम करने के लिए वीडियो में नाम जोड़ा जा रहा है। इस पर उन्होंने फेसबुक और यू-ट्यूब पर वीडियो बनाने वालों के विरुद्ध साइबर थाना ईस्ट पुलिस को शिकायत दी। थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच करते हुए दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि, गिरफ्तार किए आरोपितों के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। डीसीपी साइबर क्राइम सिद्धांत जैन ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।