Move to Jagran APP

Gurugram Crime: स्कूटी से जा रही महिला को बाइक सवारों ने मारी गोली, चार गिरफ्तार

द्वारका एक्सप्रेस-वे के नीचे सेक्टर 102 में शुक्रवार रात दस बजे स्कूटी सवार 34 वर्षीय महिला को बाइक सवार दो लोगों ने गोली मार दी। पालम विहार क्राइम ब्रांच ने इस मामले में शनिवार शाम वकील उसका साथी व गोली मारने वाले दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वकील ने ही महिला से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची थी।

By Vinay Trivedi Edited By: Abhishek Tiwari Sun, 09 Jun 2024 10:45 AM (IST)
Gurugram Crime: स्कूटी से जा रही महिला को बाइक सवारों ने मारी गोली, चार गिरफ्तार
Gurugram Crime: स्कूटी से जा रही महिला को बाइक सवारों ने मारी गोली, चार गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में द्वारका एक्सप्रेस-वे के नीचे सेक्टर 102 में शुक्रवार रात दस बजे स्कूटी सवार 34 वर्षीय महिला को बाइक सवार दो लोगों ने गोली मार दी। गोली महिला की कमर में लगी।

कैब चालकों की सूचना पर पुलिस ने महिला को वाइब्रेंट अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जांच करते हुए पालम विहार क्राइम ब्रांच ने इस मामले में शनिवार शाम वकील, उसका साथी व गोली मारने वाले दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वकील ने ही महिला से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची थी।

2010 में कुरुक्षेत्र निवासी युवक से हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार मूल रूप से मोहाली के लालरू निवासी पल्लवी शर्मा सेक्टर 99 स्थित रिद्धि-सिद्धि अपार्टमेंट में अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। इनकी शादी 2010 में कुरुक्षेत्र निवासी युवक से हुई थी। इनके पति साथ में नहीं रहते। पल्लवी ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।

शुक्रवार रात दस बजे वह स्कूटी से किसी काम से मार्केट जा रही थीं। सेक्टर 102 में भारत पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए बाइक सवार दो लोगों ने उन्हें गोली मार दी। वारदात के बाद वह फरार हो गए।घटना के बाद महिला के पिता राजकुमार की शिकायत पर राजेंद्र पार्क थाने में केस दर्ज किया गया।

मामले में पालम विहार क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल के पास से सुबूत जुटाए व सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। आरोपितों की पहचान कर क्राइम ब्रांच ने चार लोगों को सेक्टर 14 से पकड़ लिया। इनकी पहचान विष्णु गार्डन निवासी एडवोकेट नीतीश भारद्वाज, ज्योति पार्क निवासी गुलशन ठाकुर, सरस्वती एन्क्लेव निवासी राजा व पटौदी चौक निवासी बंटी के रूप में की गई।

पति से मारपीट मामले में वकील के संपर्क में आई थी महिला

पूछताछ में पता चला कि पति से विवाद के बाद केस के दौरान पल्लवी नीतीश के संपर्क में आई थी। दोनों में दोस्ती हो गई। नीतीश ही पल्लवी को कुछ खर्चा भी देता था। पल्लवी कुछ समय से नीतीश को परेशान करने लगी थी। नीतीश ने पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की साजिश रची।

नीतीश ने पल्लवी का एक्सीडेंट करने की भी कोशिश की, लेकिन इसमें फेल हो गया। इसके बाद नीतीश ने अपने साथी गुलशन के माध्यम से राजा व बंटी को पल्लवी की हत्या करने के लिए तैयार किया। गुलशन में राजा व बंटी को बाइक व हथियार उपलब्ध कराया। वारदात के दौरान भी गुलशन ईको गाड़ी से उनके पीछे-पीछे ही चल रहा था।