Gurugram News: 17वीं मंजिल पर टावर क्रेन लगाते समय गिरने से चार मजदूर की मौत
ग्रुरुग्राम के पाम हिल सोसायटी में सोमवार की शाम को उस वक्त हादसा हो गया जब वहां पर लिफ्ट लगाने के दौरान दुर्घटना हो गई। इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई है। एक मजदूर इसमें घायल हुआ है इसे असपताल भेजा गया है।
गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। सेक्टर-77 स्थित एम्मार पाल्म हिल्स सोसायटी के एक निर्माणाधीन टावर की टावर क्रेन फिट करते समय नीचे गिरने से चार श्रमिकों की मृत्यु हो गयी। एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 17वें फ्लोर पर लगी स्केफोल्डिंग (निर्माण के लिए तैयार किया अस्थायी ब्रिज) से फिसलने की वजह से श्रमिक भूतल पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घायल श्रमिक 12वीं मंजिल पर बनी जाली में फंसने से नीचे नहीं गिरा। स्केफोल्डिंग 17वें फ्लोर से गिरते गिरते 12वें फ्लोर पर रुकी। हादसा मंगलवार शाम करीब पांच बजे हुआ। सेक्टर-77 की एम्मार पाल्म हिल्स सोसायटी में निर्माणाधीन टावर ई में यह हादसा हुआ है और केवल यही एक निर्माणाधीन टावर था।
17वीं मंजिल पर जहां यह हादसा हुआ है, वहां पर स्केफोल्डिंग लगी हुई थी जो कि निर्माणाधीन टावर के बाहर अस्थायी एलिवेटर से जुड़ी हुई थी। यह एक प्रकार की लिफ्ट होती है जिसे टावर क्रेन भी कहा जाता है और केवल निर्माण उद्देश्य से ही इसका इस्तेमाल होता है।
इस हादसे का मुख्य जिम्मेदार निर्माण करने वाले ठेकेदार को बताया जा रहा है क्योंकि साइट पर सुरक्षा मानक नियमों का पालन नहीं किया गया था। हादसे में मारे गए श्रमिक मोहम्मद तहमीद, कुमोद, नवीन तथा परमेश्वर बिहार के किशनगंज जिला के रहने वाले थे।
घायल की पहचान नहीं हो पाई है। घटनास्थल पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त सुरेश कुमार ने बताया घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया हैं, मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि टावर के निर्माण का कान्ट्रेक्ट जय जय राम सिंह इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को दिया हुआ था। कंपनी प्रबंधन की ओर से सुरक्षा नियमों का पालन करना नहीं पाया गया है। श्रमिकों को सेफ्टी बेल्ट भी नहीं बंधवाए गए थे।
उन्होंने कहा अभी मामले की गहनता से जांच की जा रही है इसके बाद ही कंपनी प्रबंधन के विरुद्ध मामला दर्ज किया जायेगा प्रोजेक्ट एक नजर मेंयह सोसायटी कुल 29 एकड़ में विकसित की जा रही है जिसमें कुल 78 टावरों का निर्माण किया गया है। सोसायटी के लिए दो अलग-अलग हिस्सों में 2009 व 2013 में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की तरफ से लाइसेंस जारी किया गया था। इसमें से 75 टावरों को तो ओक्यूपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) प्राप्त कर लिया गया है और दो टावरों के ओसी के लिए बिल्डर की तरफ से आवेदन कर दिया गया है। यह एकमात्र टावर था जिसका निर्माण कार्य चल रहा था। इस टावर के निर्माण का कान्ट्रेक्ट जय जय राम सिंह इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को दिया हुआ था।