विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नगर निगम का बड़ा फैसला: शहर की सफाई पर खर्च होंगे 47.26 करोड़, 6 जोन में बढ़ेंगे संसाधन और मैनपावर

Published: Wed, 07 Oct 2026 01:46 PM (IST)

गुरुग्राम नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करेगा।

वित्त एवं संविदा कमेटी की हुई बैठक (AI-Generated image)

वित्त एवं संविदा कमेटी की हुई बैठक (AI-Generated image)

HighLights

  1. नगर निगम 47.26 करोड़ रुपये स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर खर्च करेगा

  2. अतिरिक्त मैनपावर, मशीनरी और सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन पर जोर दिया जाएगा

  3. कचरा प्रोसेसिंग के लिए चार नए शेड विकसित किए जाएंगे

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए नगर निगम 47.26 करोड़ रुपये खर्च करेगा। वित्त एवं संविदा कमेटी (एफएंडसीसी) की बैठक में स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग से जुड़े नौ कार्यों को मंजूरी दी गई।

सबसे अधिक करीब 27.35 करोड़ रुपये छहों जोन में अतिरिक्त मैनपावर और मशीनरी उपलब्ध कराने पर खर्च होंगे। इसके अलावा 500 टन प्रतिदिन सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन और कचरा प्रोसेसिंग के लिए नए सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे।

एफएंडसीसी की मेयर ने दी मंजूरी

एफएंडसीसी की मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई 10वीं बैठक में जोन-1 से जोन-6 तक सफाई व्यवस्था के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने को मंजूरी दी गई। प्रत्येक जोन के लिए 4.56 करोड़ रुपये के करीब राशि निर्धारित की गई है।

इसके तहत ट्रैक्टर-ट्राली, जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी के साथ अतिरिक्त मैनपावर उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे वार्ड स्तर पर कचरा उठाने, सफाई और विशेष स्वच्छता अभियानों में तेजी आने की उम्मीद है।

मलबा उठाने के लिए 500 टन प्रतिदिन की व्यवस्था

शहर में निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे के अनियंत्रित ढेर बड़ी समस्या बने हुए हैं। इसे देखते हुए नगर निगम ने प्रतिदिन 500 टन सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन को मंजूरी दी है। इस पर करीब 4.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। व्यवस्था लागू होने के बाद सड़कों, खाली प्लाटों और सार्वजनिक स्थानों पर मलबा डाले जाने की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

कचरा प्रोसेसिंग के लिए बनेंगे चार शेड

प्रतिदिन निकलने वाले कचरे की प्रोसेसिंग क्षमता बढ़ाने के लिए चार सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर शेड विकसित किए जाएंगे। इस कार्य के लिए करीब 9.92 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। निगम का दावा है कि इससे कचरे के व्यवस्थित और वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए जरूरी आधारभूत ढांचा मजबूत होगा।

पांच करोड़ से अधिक में चलेगी रोड स्वीपिंग व्यवस्था

प्रमुख सड़कों की सफाई के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन और रखरखाव को भी मंजूरी दी गई है। छह महीने के लिए इस कार्य पर 5.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मशीनों के नियमित संचालन से सड़कों पर जमा धूल और अन्य गंदगी को हटाने में मदद मिलेगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, एफएंडसीसी सदस्य सुंदर सिंह व आशीष गुप्ता, निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित निगम के इंजीनियरिंग अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम नगर निगम की कार्रवाई जारी, टीम ने अवैध आरएमसी प्लांट को किया ध्वस्त