घरों में मिल रहा मच्छर का लार्वा, नोटिस भेजे
शहर में बीते पांच महीनों के दौरान 2143 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला है। लार्वा मिलने वाले घरों को निगम की स्वास्थ्य टीम ने नोटिस भेजे हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: शहर में बीते पांच महीनों के दौरान 2143 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला है। लार्वा मिलने वाले घरों को निगम की स्वास्थ्य टीम ने नोटिस भेजे हैं। टीम द्वारा घरों में जाकर जांच की जा रही है। लार्वा मिलने पर नोटिस देने के साथ ही जुर्माना लगाने का भी प्रावधान है। फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है। एसी, गमलों, कूलर व टायरों में कई दिन तक पानी भरे रहने से इनमें मच्छर पैदा हो रहे हैं। अक्टूबर तक का समय संवेदनशील है, जिसको देखते हुए डेंगू व मलेरिया से बचने के लिए इंतजाम करने होंगे।
-- ऐसे फैलता है डेंगू और मलेरिया
डेंगू मादा एडीज इजिप्टी मच्छर के काटने से होता है। इन मच्छरों के शरीर पर धारियां होती हैं। ये मच्छर दिन में और सुबह के वक्त काटते हैं। डेंगू बारिश के मौसम व जुलाई से अक्टूबर तक सबसे ज्यादा फैलता है। इसके साथ ही मलेरिया होने का मुख्य कारण परजीवी मादा मच्छर एनॉफिलिज है। मलेरिया एक प्रकार का बुखार है जो शरीर में ठंड लगने के साथ आता है। कई बार मलेरिया में ठंड लगने की शिकायत भी हो सकती है। मलेरिया में रोगी को रोजाना या एक दिन छोड़कर तेज बुखार आता है।
ऐसे पनपता है घरों में लार्वा
- डेंगू का मच्छर साफ पानी में पैदा होता है।
- पौधों के गमलों में पानी कई दिन तक भरा रहने के कारण इसमें में डेंगू मच्छरों के लार्वा पनप रहे हैं।
- छत पर या घरों के पीछे पड़े कबाड़ या टायरों में भरे पानी में मच्छर अंडे देते हैं।
- एसी के पीछे पानी जमा होने से उसमें लार्वा मिल सकते हैं।
- फ्रिज के पीछे ट्रे में पानी कई तक मौजूद रहने से उसमें मच्छर पैदा हो सकते हैं।
- मलेरिया के मच्छर तालाबों (जोहड़ों) या अन्य जगहों पर जमा पानी में पैदा रहे हैं। नगर निगम की स्वास्थ्य टीम लगातार शहर के घरों में जाकर चेकिग कर रही है। जिन घरों में लार्वा मिला है उनको नोटिस भेजे गए हैं।
-डॉ. आशीष सिगला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम गुरुग्राम।