विधायक सुधीर सिगला आज करेंगे गीता महोत्सव का उद्घाटन
गुड़गांव के विधायक सुधीर सिगला शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के जिला स्तरीय समारोह का का शुभारंभ सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में करेंगे।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गुड़गांव के विधायक सुधीर सिगला शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के जिलास्तरीय समारोह का शुभारंभ सिविल लाइन स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में करेंगे। तीन दिन चलने वाले इस महोत्सव के दौरान लोगों को गीता से संबंधित विभिन्न प्रदर्शनी को भी देखने का मौका मिलेगा। साथ ही सेमिनार भी होगा। नगराधीश मनीषा शर्मा को आयोजन का प्रभारी बनाया गया है।
नगराधीश ने बताया कि गीता महोत्सव का आयोजन धूमधाम से होगा। इसे लेकर सभी प्रकार की तैयारियां कर ली गईं हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के पहले दिन सुबह 11:00 बजे से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके शुभारंभ अवसर पर गिव गीता नाम की संस्था द्वारा गीता एक चितन विषय पर नाटिका का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा सुनील चिटकारा के निर्देशन में आकर्षक लाइट एंड साउंड कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बांसुरी सिस्टर्स के नाम से ख्याति प्राप्त कलाकारों को आमंत्रित किया गया है।
मनीषा ने बताया कि गीता महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। जहां लोगों को गीता के बारे में बताया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों की जनकल्याणकारी नीतियों को भी यहां प्रदर्शित किया जाएगा। आठ दिसंबर गीता महोत्सव का अंतिम दिन होगा। इस मौके शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें इस्कॉन, जीओ गीता, गिव गीता, शीतला माता मंदिर सहित शहर की कई संस्थाएं हिस्सा लेंगी। इसकी शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी भवन से की जाएगी जो मोर चौक, अग्रवाल धर्मशाला, गुरुद्वारा रोड, जेल रोड, भूतेश्वर मंदिर, पटौदी रोड, न्यू कॉलोनी, तिकोना पार्क होते हुए गीता भवन में पहुंच कर संपन्न होगी।