गुरुग्राम के मानेसर में स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, सितंबर में लगेंगे विशेष शिविर
भारत सरकार के निर्देशानुसार मानेसर नगर निगम क्षेत्र में 1 से 30 सितंबर तक पीएम स्वनिधि योजना के तहत विशेष ...और पढ़ें

मानेसर नगर निगम क्षेत्र में 1 से 30 सितंबर तक पीएम स्वनिधि योजना के तहत विशेष शिविर लगेंगे। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
मानेसर में पीएम स्वनिधि योजना के तहत शिविर।
स्ट्रीट वेंडर्स को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
नए लोन आवेदन और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
जागरण संवाददाता, मानेसर। भारत सरकार के निर्देशानुसार नगर निगम मानेसर क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडर्स को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आगामी एक सितंबर से 30 सितंबर तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का आयोजन पीएम स्वनिधि से समृद्धि योजना के तहत किया जाएगा।
शिविरों के माध्यम से रेहड़ी, फेरी और पटरी बाजार लगाने वाले वेंडर्स को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त दर्शन यादव ने बताया कि शिविरों में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए नए लोन के आवेदन लिए जाएंगे।
इससे ऐसे वेंडर्स को अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही वेंडिंग जोन में पात्र वेंडर्स को स्थान उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी की जाएगी।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी जाएगी
विशेष शिविरों में केवल ऋण संबंधी सुविधाओं तक ही सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न सामाजिक उत्थान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध लाभों के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
नगर निगम के नगर परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि एक सिंतबर को सेक्टर आठ स्थित नगर निगम कार्यालय, दो सितंबर को गांव कांकरौला, तीन सितंबर को गांव भांगरौला, सात सितंबर को सेक्टर आठ स्थित नगर निगम कार्यालय, आठ सितंबर को गांव हयातपुर, नौ सितंबर को गांव नाहरपुर कासन, दस सितंबर को गांव वजीरपुर, 11 सितंबर को गांव अलियर, 14 सितंबर को नगर निगम कार्यालय, 15 सितंबर को गांव गढ़ी हरसरू, 16 सितंबर को गांव खोह, 17 सितंबर को गांव बांस कुसला, 18 सितंबर को गांव कासन, 21 सितंबर को नगर निगम कार्यालय, 22 सितंबर को गांव सिकंदरपुर, 24 सितंबर को गांव बढ़ा, 25 सितंबर को गांव भांगरौला, 28 सितंबर को नगर निगम कार्यालय, 29 सितंबर को गांव नवादा फतेहपुर और 30 सितंबर को गांव गढ़ी हरसरू में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
