विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानेसर में नगर निगम की कार्रवाई, अतिक्रमण करने वालों की खैर नहीं, कब्जाधरियों पर गिरी गाज

Published: Wed, 28 Oct 2026 08:58 AM (IST)

मानेसर नगर निगम की प्रवर्तन शाखा ने सिकंदरपुर बढ़ा गांव में सरकारी रास्ते पर किए गए 25 से अधिक अवैध कब्जों को हटाया।

मानेसर में नगर निगम की कार्रवाई ( फोटो स्रोत : जागरण )

मानेसर में नगर निगम की कार्रवाई ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. मानेसर नगर निगम ने सिकंदरपुर बढ़ा में चलाया अभियान।

  2. सरकारी रास्ते से हटाए गए 25 से अधिक अवैध कब्जे।

  3. एक किलोमीटर लंबा रास्ता हुआ अतिक्रमण मुक्त।

जागरण संवाददाता, मानेसर। मानेसर नगर निगम की प्रवर्तन शाखा द्वारा बुधवार को गांव सिकंदरपुर बढ़ा में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।

टीम ने सरकारी रास्ते पर किए गए 25 से अधिक अवैध कब्जों को हटाकर करीब एक किलोमीटर लंबे रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया।

अतिक्रमण से परेशान थे लोग

यह पूरी कार्रवाई पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सरकारी रास्ते पर ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से चारदीवारी, पक्के निर्माण, दुकान बनाकर कब्जा किया हुआ था, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इसको लेकर गांव के लोगों ने कई बार नगर निगम में शिकायत दी थी। निगम आयुक्त प्रदीप सिंह के निर्देश पर परिवर्तन शाखा ने पहले सभी कब्जाधारियों को नोटिस देकर स्वयं कब्जा हटाने के लिए कहा था।

नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद भी कब्जा नहीं हटाया गया तो बुधवार को विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।

अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट शशिकांत, एसडीओ विकास शर्मा, पटवारी कृष्ण, अंजू, जेई देवेंद्र, जूनियर इंजीनियर जयबीर, मौके पर मौजूद रहे।

इसके अलावा, मानसेर थाने से पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था। अधिकारियों की देखरेख में एक-एक कर सभी अवैध निर्माणों को हटाया गया और रास्ते में पड़े मलबे को भी बुलडोजर से साफ करवाया गया।

यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे पर बस पलटने से 20 से अधिक लोग घायल, दीपावली पर हरियाणा से बिहार जा रहे थे यात्री