मानेसर के औद्योगिक नाले की बदबू से नवादा के ग्रामीण परेशान, खिड़की-दरवाजे खोलना मुश्किल; स्वास्थ्य पर भी खतरा
गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम क्षेत्र में एचएसआइआइडीसी के औद्योगिक नाले से उठती दुर्गंध ने नवादा के ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है।

मानेसर के नवादा का औद्योगिक नाला, जागरण।
HighLights
एचएसआइआइडीसी नाले से औद्योगिक गंदे पानी की दुर्गंध।
नवादा के ग्रामीणों को घरों में रहना मुश्किल हो रहा।
शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: मानेसर नगर निगम क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों के गंदे पानी की निकासी के लिए बनाया गया एचएसआइआइडीसी का नाला नवादा के ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
नाले के आसपास बने घरों में रहने वाले लोगों को सुबह और शाम तेज दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में समस्या बढ़ गई है।
घरों की खिड़की खोलना भी मुश्किल
नाले के नजदीक रहने वाले लोगों के लिए घरों में रहना और खिड़की-दरवाजे खोलना भी मुश्किल हो रहा है। बदबू आसपास के क्षेत्र में फैल जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, नाले में औद्योगिक क्षेत्र मानेसर का गंदा पानी बहता है। आसपास आबादी होने के कारण दुर्गंध का असर सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है असर
लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आसपास के वातावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से नाले की सफाई कराने, गंदे पानी की निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और बदबू से निजात दिलाने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग की है।
निवासियों ने की शिकायत
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। निवासियों ने इंटरनेट मीडिया पर भी शिकायत दर्ज कराई है। इसके बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली है। मानेसर के एसडीएम लोकेश यादव ने बताया कि समस्या के संबंध में संबंधित अधिकारियों को लिखा जाएगा।
