विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

30 करोड़ की लागत से स्वच्छ पेयजल टैंक परियोजना को मिली मंजूरी, मानेसर के हजारों लोगों को बड़ी राहत

Published: Thu, 12 Nov 2026 04:43 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम के मानेसर में 30.87 करोड़ रुपये की लागत से स्वच्छ पेयजल टैंक परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिली है। यह ...और पढ़ें

मानेसर में 30.87 करोड़ की लागत से स्वच्छ पेयजल टैंक परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिली। AI जनरेटेड इमेज

मानेसर में 30.87 करोड़ की लागत से स्वच्छ पेयजल टैंक परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिली। AI जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. मानेसर में 30.87 करोड़ का स्वच्छ पेयजल टैंक स्वीकृत।

  2. भूजल स्तर सुधारने और आपूर्ति बढ़ाने में मदद करेगा।

  3. जीएमडीए की मास्टर लाइन से मिलेगा 15 एमएलडी पानी।

गोविन्द फलस्वाल, मानेसर (गुरुग्राम)। गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ी परियोजना को गुरुवार को हरी झंडी मिली है।

नगर निगम के वार्ड छह के अंतर्गत आने वाले गांव भांगरौला में 30 करोड़, 87 लाख 20 हजार रुपये की लागत से स्वच्छ पेयजल टैंक (क्लियर वाटर रिजर्वायर) बनाया जाएगा। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय की तरफ से इस परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दी है।

इस टैंक के निर्माण से क्षेत्र में पीने के पानी स्टोरेज और आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। परियोजना पूरी होने के बाद आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था मजबूत हो जाएगी।

शुरू की जाएगी टेंडर प्रक्रिया

नगर निगम मानेसर की ओर से इस परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी के लिए इस प्रस्ताव को निदेशालय भेजा गया था। मंजूरी मिलने के बाद इंजीनियरिंग शाखा द्वारा आगे कार्य किया जाएगा और टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नगर निगम क्षेत्र में गिरता भूजल स्तर बड़ी समस्या बनी हुई थी। इस टैंक के बनाए जाने के बाद यहां नहरी आधारित पानी मिलने की उम्मीद जग गई है। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय ने परियोजना को मंजूरी देते हुए कई शर्तें भी निर्धारित की हैं।

इसके अनुसार, नगर निगम को टेंडर आमंत्रित करने से पहले सक्षम प्राधिकारी से तकनीकी मंजूरी प्राप्त करनी होगी। प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद अब नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा की ओर से तकनीकी स्वीकृति और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।

जीएमडीए की मास्टर लाइन से मिलेगा पानी

नगर निगम क्षेत्र के गांवों में पानी सप्लाई के लिए नगर निगम द्वारा गांवों के अंदर आंतरिक नेटवर्क तैयार किया गया है। टैंक बनने के बाद जीएमडीए की मास्टर लाइन से 15 एमएलडी पानी लिया जाएगा।

इस पानी को भांगरौला गांव में बनने वाले टैंक में स्टोर किया जाएगा। यहां से गांवों में सप्लाई किया जाएगा। जिन गांवों में आंतरिक नेटवर्क तैयार नहीं हुआ है वहां तब तक नगर निगम द्वारा नेटवर्क तैयार कराया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस परियोजना को मंजूर कराया है। इसके लिए मानेसर नगर निगम के सभी पार्षदों ने मंत्री राव नरबीर सिंह से मुलाकात की थी। नगर निगम द्वारा जल्द ही सभी गांवों में नहरी आधारित पानी उपलब्ध कराया जाएगा - प्रवीण यादव, सीनियर डिप्टी मेयर

हमारा आंतरिक नेटवर्क तैयार है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर टैंक का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सभी गांवों को नहरी पानी मुहैया कराना हमारी प्राथमिकता है। - प्रदीप सिंह, आयुक्त, नगर निगम मानेसर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।