विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था, सड़कों पर अवैध कब्जे और रेहड़ी-खोखों से लगा रहता है भीषण जाम

Published: Sun, 11 Oct 2026 04:43 PM (IST)

मानेसर में सड़कों और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है और जाम ...और पढ़ें

मंडियां और अतिक्रमण बन रहे मानेसर की सड़कों के लिए ‘जाम का जाल’। जागरण

मंडियां और अतिक्रमण बन रहे मानेसर की सड़कों के लिए ‘जाम का जाल’। जागरण

HighLights

  1. मानेसर में सड़कों और ग्रीन बेल्ट पर बढ़ रहा अतिक्रमण।

  2. अवैध कब्जों से प्रमुख सड़कों पर यातायात जाम की समस्या।

  3. पुलिस कार्रवाई के बावजूद दोबारा लग रही हैं रेहड़ियां।

जागरण संवाददाता, मानेसर (गुरुग्राम)। औद्योगिक नगरी मानेसर को व्यवस्थित शहर बनाने के दावों के बीच सड़कों और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण लगातार पैर पसार रहा है। कहीं रेहड़ी-खोखे सड़क किनारे खड़े हैं तो कहीं सरकारी जमीन और ग्रीन बेल्ट पर पक्की दुकानें और टीन शेड बना दिए गए हैं।

वहीं, इन अवैध कब्जों के कारण कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। दिल्ली-जयपुर हाईवे के किनारे लगने वाली संडे मार्केट इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। रविवार को बाजार लगते ही आसपास की सड़कें वाहनों से भर जाती हैं और लोगों को जाम में फंसना पड़ता है।

मानेसर नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण का दायरा अब केवल मुख्य बाजारों तक सीमित नहीं है। नए गुरुग्राम और आइएमटी मानेसर में भी सड़कों के किनारे और ग्रीन बेल्ट में रेहड़ियां लगने के साथ स्थायी निर्माण किए जा रहे हैं। कई जगह टीन शेड डालकर खोखे बना दिए गए हैं। जीएमडीए की ग्रीन बेल्ट भी अतिक्रमणकारियों के निशाने पर है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही है।

सातों जोन में पसरा अतिक्रमण

मानेसर नगर निगम क्षेत्र को दो डिवीजन और सात जोन में बांटा गया है, लेकिन अतिक्रमण की समस्या लगभग सभी जोन में दिखाई दे रही है।

पचगांव चौक, मानेसर बस स्टैंड, आइएमटी चौक, आइएमटी मानेसर, नगर निगम कार्यालय के नजदीक एयरटेल के सामने, बास कुशला, अलियर चौक, पटौदी रोड, वजीरपुर, सेक्टर 82-83 रोड, सेक्टर 83-84 रोड, हयातपुर, गढ़ी हरसरू, सफायर माल के सामने, नौरंगपुर और मानेसर सेक्टर-एक सहित कई स्थानों पर सड़क किनारे रेहड़ियां और अस्थायी दुकानें लग रही हैं। इन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई लगातार घट रही है।

पुलिस ने हटवाया, फिर दोबारा लग गईं रेहड़ियां

अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस की ओर से कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। रेहड़ियां हटवाई गईं और निगम अधिकारियों को उन स्थानों की जानकारी भी दी गई जहां अवैध रूप से अतिक्रमण किया जा रहा है। बावजूद इसके कुछ समय बाद उसी स्थान पर फिर से रेहड़ियां और खोखे नजर आने लगते हैं।

इससे सवाल उठ रहा है कि यदि कार्रवाई के बाद भी अतिक्रमण दोबारा हो रहा है तो स्थायी समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग क्या कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाया जा रहा। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि शहर की छवि भी खराब हो रही है।

इस बारे में मानेसर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार का कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।