कम विजिबिलिटी ने थामी रफ्तार
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : कोहरे के कारण 50 मीटर से भी कम विजिबिलिटी रहने से बृहस्पतिव
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम : कोहरे के कारण 50 मीटर से भी कम विजिबिलिटी रहने से बृहस्पतिवार को जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगहों पर विजिबिलिटी जीरो रही और सड़कों पर कुछ भी नहीं दिखाई देने के कारण वाहनों के ब्रेक लग गए। गुरुग्राम में दिल्ली, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद से आने वाले नौकरीपेशा लोग भी अपने कार्यालयों में देरी से पहुंचे। इसके अलावा दिल्ली-जयपुर हाइवे पर भी वाहनों की रफ्तार काफी कम रही और वाहन चालकों को गाड़ियों की लाइटें जलाकर सफर करने दौरान भी काफी परेशानी हुई। सुबह साढ़े दस बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ और 11 बजे तक धूप निकलने के बाद राहत महसूस की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आगामी दो से तीन दिन तक सुबह के वक्त कोहरा छाने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
और नीचे गिरा पारा, तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस
पिछले कई दिनों 8.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास झूल रहा न्यूनतम तापमान बृहस्पतिवार को और नीचे पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान फिर से उछाल के साथ 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान अचानक गिरकर 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।