चुनाव की तैयारी: शांतिपूर्ण चुनाव के लिए फ्लैग मार्च
शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को उद्योग विहार पालम विहार एवं राजेंद्रा पार्क इलाके में फ्लैग मार्च किया गया। इसमें स्थानीय थाना पुलिस के साथ ही बीएसएफ की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। नेतृत्व उद्योग विहार इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त बिरम सिंह ने किया।
जासं, गुरुग्राम : शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को उद्योग विहार, पालम विहार एवं राजेंद्रा पार्क इलाके में फ्लैग मार्च किया गया। इसमें स्थानीय थाना पुलिस के साथ ही बीएसएफ की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। नेतृत्व उद्योग विहार इलाके के सहायक पुलिस आयुक्त बिरम सिंह ने किया। इसके माध्यम से लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की भी अपील की गई। इधर, शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर लाइसेंसी हथियार जमा कराए जा रहे हैं। हालांकि इसमें तेजी नहीं आ रही है। जिले में साढ़े सात हजार से अधिक लाइसेंसी हथियार हैं। इनमें से अब तक 1800 हथियार ही जमा कराए गए हैं।
लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद से अवैध रूप से हथियार रखने वालों के ऊपर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिदिन एक से दो लोग किसी न किसी इलाके से गिरफ्तार किए जा रहे हैं। यही नहीं फरार आरोपितों की धरपकड़ के ऊपर भी जोर दिया जा रहा है। सभी लाइसेंसी हथियार जल्द से जल्द जमा हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मतदान से एक सप्ताह पहले तक सभी हथियार जमा हो जाने चाहिए। नहीं जमा कराने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- शशांक कुमार सावन, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय), गुरुग्राम