'ऑपरेशन सफेद सागर' के योद्धा पर हमला करने वाले को बेल, पार्किंग विवाद में लोहे की रॉड से किया था वार
कारगिल युद्ध के ऑपरेशन सफेद सागर में शामिल रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर हमले के आरोपी दीपक मावी को गुरुग्राम में जमानत मिल गई है।

मेदांता अस्पताल में इलाजरत रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर हुआ था हमला।
पार्किंग विवाद में लोहे की रॉड से किया गया वार।
आरोपी दीपक मावी को मंगलवार को मिली जमानत।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ऑपरेशन सफेद सागर में टीम का हिस्सा रहे रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपित दीपक मावी को मंगलवार को जमानत मिल गई।
सेक्टर-65 थाना पुलिस ने बताया कि आरोपित को डीसीपी साउथ के समक्ष पेश किया गया था, वहां से उसे अर्नेश कुमार के तहत जमानत दी गई।
सेक्टर-61 निवासी रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन ने शिकायत में बताया था कि वह 10 सितंबर की रात करीब आठ बजे अपने परिवार के साथ मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित गोंजो रेस्टोरेंट में डिनर के लिए गए थे।
कार पार्किंग के लिए ढूंढ रहे थे जगह तभी...
परिवार को ड्रॉप करने के बाद वह कार पार्क करने के लिए जगह ढूंढने लगे। आरोप है कि पार्किंग स्टाफ ने उन्हें बेसमेंट और मल्टीलेवल पार्किंग में अलग-अलग जगह भेजा और अंत में कार पार्क करने से मना कर दिया।
इसी दौरान जब उन्होंने कार को रिवर्स करने की कोशिश की तो एक पार्किंग अटेंडेंट ने उनकी कार के विंडशील्ड पर मारकर तोड़ने की कोशिश की।
विरोध करने पर अटेंडेंट लोहे की रॉड ले आया और उन पर दो बार हमला किया। एक वार हाथ पर और दूसरा सिर पर मारा। हाथ में गंभीर चोट आई, कोहनी की हड्डी टूट गई। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
आरोपी की जमानत पर क्या बोले अमित?
ग्रुप कैप्टन की शिकायत पर सेक्टर-65 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर सोमवार शाम आरोपित फरीदाबाद के कोट गांव निवासी दीपक मावी को गिरफ्तार किया था।
आरोपित को जमानत दिए जाने पर जब पूर्व सैन्य अधिकारी से बातचीत की गई तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, घटना के बाद उन्होंने पुलिस पर मदद नहीं करने का आरोप लगाया था।
यह भी पढ़ें- 'मैं खून से लथपथ हो गया', गुरुग्राम में पार्किंग स्टाफ ने 'ऑपरेशन सफेद सागर' के पूर्व सैनिक पर किया जानलेवा हमला
