गुरुग्राम के DLF में ढोल-नगाड़े बजाती पहुंची झारखंड पुलिस, 25 लाख के ठग के घर चिपकाया कुर्की का नोटिस
झारखंड पुलिस ने गुरुग्राम के डीएलएफ फेस-3 में 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के भगोड़े आरोपी बलराम कुमार गुप्ता के घर ढोल-नगाड़ों के साथ कुर्की का नोटिस चिपकाया।

ढोल-नगाड़े बजाते पहुंची पुलिस ने चिपकाया नोटिस।
HighLights
झारखंड पुलिस ने गुरुग्राम में भगोड़े आरोपी को नोटिस दिया।
25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला है आरोपी पर।
कोर्ट में पेश न होने पर संपत्ति कुर्क होगी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बोकारो के एक कारोबारी से 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में भगोड़ा घोषित आरोपित के गुरुग्राम स्थित घर पर झारखंड पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ पहुंचकर नोटिस चिपकाया। डीएलएफ फेस-3 स्थित घर पर नोटिस चस्पा कर एक महीने में कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए गए हैं। नहीं आने पर संपत्ति कुर्क की जाएगी।
बोकारो जिले के बेरमो थाने में तैनात एएसआई प्रभात किरण कोकिल अपनी टीम के साथ गुरुवार को गुरुग्राम पहुंचे और उन्होंने डीएलएफ फेस-तीन के वी ब्लाक स्थित आरोपित बलराम कुमार गुप्ता के घर पर नोटिस चस्पा किया।
माइक पर अनाउंस भी किया
ढोल-नगाड़े के साथ उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर माइक पर अनाउंस भी किया। इस पर आसपास रहने वाले लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिसकर्मी ने नोटिस पढ़कर सभी को सुनाया और फिर घर पर चस्पा कर दिया। उस समय घर से बाहर कोई नहीं निकला।
एएसआई ने बताया कि तीन साल से आरोपित की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है, लेकिन आरोपित फरार चल रहा है। कोर्ट की तारीखों पर भी कभी पेश नहीं हुआ, तो कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया है। कोर्ट ने एक महीने का समय दिया है। अगर आगामी तारीख पर भी आरोपित कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो संपत्ति की कुर्की की जाएगी।
जमीन बेचने के नाम पर 25 लाख की धोखाधड़ी का आरोप
बोकारो के बेरमो के रहने वाले एग्रो बिजनेस करने वाले मुकुल कुमार ने बेरमो पुलिस को दी शिकायत में कहा कि काम के सिलसिले में गुरुग्राम के रहने वाले बलराम कुमार गुप्ता और दीपक कुमार से जान-पहचान हुई। दोनों रिश्तेदार हैं। व्यवसाय आरंभ करने के लिए मुकुल को भूमि की आवश्यकता थी।
बलराम और दीपक कुमार ने ओरमांझी में जमीन दिलाने की कहकर एक पेट्रोल पंप के पास खाली प्लाट दिखाया, जिसे दीपक कुमार ने अपना बताया। अगस्त 2021 में बलराम व दीपक उनके घर पहुंचे। बात फाइनल होने के बाद मुकुल कुमार ने दो बार में 25 लाख रुपये दोनों के बैंक खाते में आनलाइन ट्रांसफर कर दिए, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी दोनों ने न तो उन्हें प्लाट दिया और न ही रुपये वापस दिए।
जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तब जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में 22 मई 2023 को बोकारो के बेरमो थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। तभी से ही बेरमो पुलिस को आरोपित की तलाश है। पहले भी पुलिस गुरुग्राम में कई बार छापेमारी करने आ चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।