विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में ढोल नगाड़ों के साथ पहुंची बोकारो पुलिस, आरोपी के घर पर चिपकाया नोटिस

Published: Fri, 06 Nov 2026 03:54 AM (IST)

झारखंड पुलिस ने बोकारो के एक कारोबारी से 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में भगोड़े आरोपित बलराम कुमार ...और पढ़ें

झारखंड पुलिस ने गुरुग्राम में भगोड़े आरोपित के घर ढोल-नगाड़े के साथ चिपकाया नोटिस ( फोटो स्रोत : जागरण )

झारखंड पुलिस ने गुरुग्राम में भगोड़े आरोपित के घर ढोल-नगाड़े के साथ चिपकाया नोटिस ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. झारखंड पुलिस ने गुरुग्राम में भगोड़े आरोपित के घर नोटिस चिपकाया।

  2. बोकारो के कारोबारी से 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला।

  3. आरोपित को एक महीने में कोर्ट में पेश होने का आदेश।

वरूण त्रिवेदी, गुरुग्राम। बोकारो के एक कारोबारी से 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में भगोड़ा घोषित आरोपित के गुरुग्राम स्थित घर पर झारखंड पुलिस ने ढोल-नगाड़े के साथ पहुंचकर नोटिस चिपकाया।

डीएलएफ फेस-3 स्थित घर पर नोटिस चस्पा कर एक महीने में कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए गए हैं। नहीं आने पर संपत्ति कुर्क की जाएगी। बोकारो जिले के बेरमो थाने में तैनात एएसआई प्रभात किरण कोकिल अपनी टीम के साथ गुरुवार को गुरुग्राम पहुंचे और उन्होंने डीएलएफ फेस-तीन के वी ब्लॉक स्थित आरोपित बलराम कुमार गुप्ता के घर पर नोटिस चस्पा किया।

तीन साल से जारी थी छापेमारी

ढोल-नगाड़े के साथ उन्होंने घर के बाहर खड़े होकर माइक पर अनाउंस भी किया। इस पर आसपास रहने वाले लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिसकर्मी ने नोटिस पढ़कर सभी को सुनाया और फिर घर पर चस्पा कर दिया। उस समय घर से बाहर कोई नहीं निकला।

एएसआई ने बताया कि तीन साल से आरोपित की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है, लेकिन आरोपित फरार चल रहा है। कोर्ट की तारीखों पर भी कभी पेश नहीं हुआ, तो कोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया है।

कोर्ट ने एक महीने का समय दिया है। अगर आगामी तारीख पर भी कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो संपत्ति की कुर्की की जाएगी।

जमीन बेचने के नाम पर 25 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

बोकारो के बेरमो के रहने वाले एग्रो बिजनेस करने वाले मुकुल कुमार ने बेरमो पुलिस को दी शिकायत में कहा कि काम के सिलसिले में गुरुग्राम के रहने वाले बलराम कुमार गुप्ता और दीपक कुमार से जान-पहचान हुई। दोनों रिश्तेदार हैं। व्यवसाय आरंभ करने के लिए मुकुल को भूमि की आवश्यकता थी।

बलराम और दीपक कुमार ने ओरमांझी में जमीन दिलाने की बात कहकर एक पेट्रोल पंप के पास खाली प्लॉट दिखाया, जिसे दीपक कुमार ने अपना बताया। अगस्त 2021 में बलराम व दीपक उनके घर पहुंचे।

बात फाइनल होने के बाद मुकुल कुमार ने दो बार में 25 लाख रुपये दोनों के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी दोनों ने न तो उन्हें प्लॉट दिया और न ही रुपये वापस दिए। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तब जान से मारने की धमकी दी।

इस मामले में 22 मई 2023 को बोकारो के बेरमो थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। तभी से ही बेरमो पुलिस को आरोपित की तलाश है। पहले भी पुलिस गुरुग्राम में कई बार छापेमारी करने आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में SIR को लेकर जिला प्रशासन सख्त, अब लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।