किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा रहे घुमंतू पशु
ग्रामीण क्षेत्र में घुमंतू पशु अब किसानों की फसल को नष्ट कर रहे हैं। फसल नष्ट होने से बचाने के लिए किसानों ने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
जागरण संवाददाता, मानेसर: ग्रामीण क्षेत्र में घुमंतू पशु अब किसानों की फसल को नष्ट कर रहे हैं। फसल नष्ट होने से बचाने के लिए किसानों ने कई बार प्रशासन से गुहार लगाई, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। गांव बासलांबी के किसान रवि यादव ने सीएम विडो पर दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि गौशाला संचालक दुधारू पशुओं को गौशाला में रखते हैं लेकिन बछड़ों और सांडों को खुला छोड़ रहे हैं जिससे ये छुंट्टा पशु खेतों में बोई गेहूं की फसल को नष्ट कर रहे हैं। छुंट्टा पशु दोपहर के समय में गांव की गलियों में घूमते रहते हैं।
आइएमटी मानेसर के पीछे काफी जमीन खाली पड़ी है। इसमें दोपहर के समय घुमंतू पशु घूमते रहते हैं। ये पशु रात में खेतों में जाकर गेहूं की फसल को खा जाते हैं। फसल को पशुओं से बचाने के लिए किसानों को रात में पहरेदारी करनी पड़ती है। गांव मोकलवास निवासी किसान देवेंद्र यादव ने बताया कि करीब 10 से 12 पशुओं का झुंड एक साथ खेत में आता है और फसल चट कर जाता है।
यह समस्या केवल मानेसर के आसपास के गांवों के किसानों की नहीं है। फरुखनगर व पटौदी क्षेत्र के किसान भी घुमंतू पशुओं से परेशान हैं। उनकी लहलहाती फसल को छुंट्टा जानवर कुछ ही देर में खा जाते हैं। प्रशासन से किसान लगातार मांग कर रहे हैं इस समस्या का समाधान किया जाए। किसानों ने खेतों के किनारे कंटीले तार भी बांध रखे हैं, मगर जानवर इसके बाद भी नहीं रुकते। तार को फांदकर निकलने में पशु घायल भी हो रहे हैं। गांव जटौला के पास दो सांड घायल होकर मर चुके हैं।