Move to Jagran APP

सप्ताह का साक्षात्कार: जिनको छूट मिली है वह आइडी या पास जरूर साथ रखें

लॉकडाउन के दौरान कुछ सेवाओं को शुरू करने की छूट दी गई है।

By JagranEdited By: Published: Sun, 19 Apr 2020 04:34 PM (IST)Updated: Sun, 19 Apr 2020 04:34 PM (IST)
सप्ताह का साक्षात्कार: जिनको छूट मिली है वह आइडी या पास जरूर साथ रखें
सप्ताह का साक्षात्कार: जिनको छूट मिली है वह आइडी या पास जरूर साथ रखें

लॉकडाउन के दौरान कुछ सेवाओं को शुरू करने की छूट दी गई है। यही नहीं सभी सरकारी विभागों के अधिकारी 20 अप्रैल से काम पर होंगे। रोजाना रोटेशन से कर्मचारियों को बुलाया जाएगा। मालवाहक वाहनों के संचालन की छूट दे दी गई है। किसानों को खेती करने की छूट दी गई है। कई कार्यों से संबंधित निजी कंपनियों को भी काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसी स्थिति में पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। आखिर नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही निजी कंपनी के लोगों की जांच कैसे करेंगे, पुलिस नाकों की व्यवस्था में क्या कुछ परिवर्तन किया जाएगा, फसल की कटाई के दौरान किसानों के ऊपर किस तरह नजर रखी जा रही है सहित कई सवालों को लेकर दैनिक जागरण के आदित्य राज ने पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकील से विस्तृत बातचीत की। प्रस्तुत है मुख्य अंश: नाकों की व्यवस्था में क्या कुछ परिवर्तन किया जाएगा जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहे?

loksabha election banner

- फिलहाल नाकों से एक बार में सिर्फ एक ही वाहन के निकलने की व्यवस्था है। आवश्यकतानुसार जांच के बाद एक से दो वाहनों के निकलने की व्यवस्था की जाएगी ताकि ट्रैफिक का दबाव न बढ़े। सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जहां नाकों पर अपना पहचान पत्र दिखाना होगा वहीं निजी कंपनियों के लोगों को पास दिखाना अनिवार्य होगा। लॉकडाउन के दौरान सामान ढोने वाले वाहनों पर कैसे नजर रखेंगे?

- इसके लिए तैयारी कर ली गई है। किसी भी मालवाहक वाहन में चालक सहित तीन से अधिक लोग अधिक नहीं होंगे। सभी को मॉस्क लगाना अनिवार्य होगा। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वाहनों पर नजर रखने के लिए सभी हाईवे से लेकर प्रमुख सड़कों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। न केवल नाकों पर वाहनों की जांच की जाएगी बल्कि बीच में कहीं भी जांच की जाएगी ताकि नियमों का उल्लंघन न हो सके। किसान शारीरिक दूरी का पालन कर रहे हैं या नहीं, कैसे नजर रखी जा रही है?

- संबंधित थाना पुलिस को इस बारे में अलर्ट कर दिया गया है। पंचायतों से संवाद किए जा रहे हैं। एक-एक किसान के पीछे पुलिस तो खड़ी हो नहीं सकती। इसे देखते हुए पंचायतों का सहयोग लिया जा रहा है। जहां तक पुलिस महकमे का सवाल है तो सभी थाना पुलिस अपने स्तर पर भी किसानों से भी संवाद कर रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि वे शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए अपना काम करें। काम करने के दौरान हर हाल में मास्क लगाएं। लॉकडाउन के दौरान शराब की तस्करी बढ़ने की शिकायत सामने आ रही है?

- इसके लिए सभी थाना पुलिस से लेकर अपराध एवं खुफिया शाखा की टीम सक्रिय है। प्रतिदिन विभिन्न इलाकों से दो से तीन लोग पकड़े जा रहे हैं। यही नहीं यदि कोई गांजा या अन्य नशीला पदार्थ छुपा कर रखा हुआ है तो उसके बारे में भी पता किया जा रहा है। इसी दिशा में तीन दिन पहले दो युवकों के साथ 107 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जिसने दोनों को गांजा बेचने के लिए दिए थे, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। लॉकडाउन का पालन को लेकर आप लोगों से क्या अपील करना चाहेंगे?

- गुरुग्राम के लोग बहुत ही समझदार हैं। यही वजह है कि लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस को बहुत अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ रही है। इसी तरह लोग लॉकडाउन का पालन करें क्योंकि कोरोना वायरस को हराने के लिए शारीरिक दूरी ही सबसे बड़ा हथियार है। जिन लोगों को लॉकडाउन के दौरान काम करने की छूट दी गई है वे अपने पास आइडी या पास निश्चित रूप से रखें।

:परिचय:

नाम : मोहम्मद अकील

जन्मतिथि : एक जनवरी 1966

शिक्षा: बीटेक (सिविल इंजीनियरिग)

सेवा: 1989 बैच के हरियाणा कैडर के आइपीएस। कई जिलों में पुलिस अधीक्षक रहे। पदोन्नति के बाद पुलिस महानिरीक्षक (लॉ एंड आर्डर) की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस महानिरीक्षक से पदोन्नत होने के बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड आर्डर) की जिम्मेदारी सौंपी गई। केंद्र में कई साल डेपुटेशन पर रहे। वर्तमान में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) के साथ ही गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.