छात्राओं को दी उनके हितों से जुड़े कानूनों की जानकारी
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम द्वारा कानूनी जागरूकता के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण करने के उद्देश्य से सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में कार्यशाला हुई।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम द्वारा कानूनी जागरूकता के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण करने के उद्देश्य से सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में कार्यशाला हुई। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन और जिला सत्र न्यायाधीश एसपी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में पैनल अधिवक्ता मुनमुन गोयल ने बतौर स्पीकर महाविद्यालय की छात्राओं को उनके हितों से जुड़े कानूनों के बारे में जानकारी दी।
कार्यशाला में उन्हें पुलिस, कार्यपालिका और न्यायपालिका जैसी शिकायतों के निवारण के लिए उपलब्ध विभिन्न माध्यमों से संपर्क करने और उपयोग करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। आगामी 11 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी गई।
प्राधिकरण की प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण द्वारा कानूनी जागरूकता के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण नामक कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अखिल भारतीय कानूनी जागरूकता कार्यक्रम है। इसके तहत महिलाओं से संबंधित कानूनों के तहत कानूनी अधिकारों और उपचारों के बारे में व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर प्राधिकरण के कानूनी स्वयंसेवक सलीम खान और सेक्टर 14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय की लीगल एड क्लब की प्रभारी ज्ञानवती मौजूद रहे।