आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में तोड़े अवैध निर्माण
वायुसेना के आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: वायुसेना आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में नगर निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की। सोमवार को सहायक अभियंता अमित कुमार के नेतृत्व में जोन-2 क्षेत्र की इन्फोर्समेंट टीम भारी पुलिस बल और जेसीबी लेकर प्रतिबंधित दायरे में पहुंची। यहां पर ओम विहार में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। टीम ने जेसीबी की मदद से अवैध कॉलोनी में निर्माणाधीन स्ट्रक्चरों को धराशायी किया।
इसके साथ ही सतगुरु फॉर्म और धर्म कॉलोनी में भी अवैध निर्माणों पर नगर निगम की जेसीबी चली। नगर निगम द्वारा ओम विहार में अवैध कॉलोनी विकसित करने और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्लॉट बेचने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा। इन्फोर्समेंट टीम द्वारा सोमवार की कार्रवाई के दौरान लगभग 20 निर्माणाधीन स्ट्रक्चरों को तोड़ा गया, वहीं लगभग एक दर्जन से अधिक भवनों को सील करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान लगभग 100 पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
बता दें कि उच्च न्यायालय द्वारा आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में किसी भी प्रकार के नए निर्माण पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया हुआ है। नगर निगम की टीम द्वारा लोगों को आगाह किया गया है कि वे प्रॉपर्टी डीलरों के झांसे में आकर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्लॉट, मकान या दुकान न खरीदें। नगर निगम द्वारा ऐसे निर्माणों को तोड़ने के साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।