विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम जलभराव का निकलेगा पक्का इलाज, IIT गांधीनगर के एक्सपर्ट बनाएंगे एक्शन प्लान; बुधवार से सर्वे शुरू

Published: Tue, 25 Aug 2026 06:51 PM (IST)

आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञ गुरुग्राम में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान खोजने के लिए अध्ययन करेंगे। यह अध्ययन सुभाष ...और पढ़ें

गुरुग्राम के सुभाष चौक के पास बारिश के बाद के हालात। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम के सुभाष चौक के पास बारिश के बाद के हालात। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञ करेंगे जलभराव का अध्ययन

  2. सुभाष चौक सहित संवेदनशील स्थानों का होगा निरीक्षण

  3. अध्ययन के आधार पर बनेगा स्थायी एक्शन प्लान

संदीप रतन, गुरुग्राम। साइबर सिटी में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब आईआईटी गांधीनगर के एक्सपर्ट स्टडी करेंगे। एक्सपर्ट जलभराव वाले स्थानों की भौगोलिक स्थिति के साथ वहां से गुजरने वाले ड्रेन रूट, आसपास के सीवर नेटवर्क, रोड इंफ्रास्ट्रक्चर और रिहायशी क्षेत्रों का भी अध्ययन करेंगे।

किन स्थानों से वर्षा का पानी तेजी से इन क्षेत्रों में पहुंचता है और पानी की निकासी में कहां अड़चन आती है, इसकी भी पहचान की जाएगी। अध्ययन के आधार पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।

बुधवार को आईआईटी गांधीनगर के प्रो. उदित भाटिया और प्रो. विवेक कपाड़िया की टीम जीएमडीए और नगर निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करेगी।

टीम सुभाष चौक, राजीव चौक, मेदांता अंडरपास और शीतला माता रोड समेत अन्य क्षेत्रों का अध्ययन करेगी। रिपोर्ट तैयार होने के बाद जलभराव को रोकने के लिए काम शुरू होगा।

75 एमएम वर्षा में सुभाष चौक पर बिगड़े थे हालात

सोमवार को हुई करीब 75 एमएम वर्षा के दौरान सुभाष चौक पर भारी जलभराव हो गया था। सड़क पर कई फुट तक पानी जमा होने के कारण नौ स्कूल बसों समेत कुल 15 वाहन पानी में बंद हो गए थे।

स्कूल बसों में सवार बच्चों को सुरक्षित निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद सुभाष चौक के आसपास वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई। इस घटना ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए।

ड्रेन की सफाई हुई, फिर क्यों डूबा सुभाष चौक

जीएमडीए के अधिकारियों का मानना है कि सुभाष चौक पर ड्रेन की सफाई पहले ही की जा चुकी थी। इसके बावजूद तेज वर्षा के दौरान यहां इतना पानी जमा होना इस बात की ओर इशारा करता है कि आसपास के क्षेत्रों से आने वाले पानी के प्रवाह को समझने की जरूरत है।

अंदेशा है कि बख्तावर चौक, सेक्टर 38, सेक्टर 47 और आसपास की सोसायटियों से वर्षा का पानी तेजी से सुभाष चौक की तरफ आया, जिससे यहां जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई। इसके अलावा ड्रेन के अंदरूनी हिस्सों की भी कैमरों से जांच की जाएगी।

सेक्टरों और सोसायटियों के ड्रेनेज सिस्टम की होगी जांच

अब सुभाष चौक के आसपास स्थित सेक्टरों और सोसायटियों के रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम तथा ड्रेनेज नेटवर्क की भी जांच की जाएगी। यह देखा जाएगा कि इन क्षेत्रों का वर्षा का पानी किस दिशा में जाता है और क्या कहीं से अतिरिक्त पानी मुख्य सड़क या ड्रेन की ओर छोड़ा जा रहा है। विशेषज्ञ पूरे नेटवर्क को एक इकाई के रूप में देखते हुए जलनिकासी की क्षमता और पानी के प्राकृतिक बहाव का अध्ययन करेंगे।

शीतला माता रोड जलभराव का होगा समाधान

जीएमडीए के अधिकारियों के जलभराव की समस्या के समाधान के लिए लेग-2 ड्रेन को चौड़ा करने की योजना पर भी काम किया जाएगा। इसके साथ शीतला माता रोड पर होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान तलाशा जाएगा।

ड्रेन की क्षमता बढ़ाने, पानी के प्रवाह को नियंत्रित करने और जरूरत के अनुसार नए जलनिकासी ढांचे विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।

स्थायी समाधान के लिए तैयार होगा एक्शन प्लान

जलभराव के बाद पानी निकालने के बजाय समस्या के वास्तविक कारण का समाधान किया जाएगा। इसके लिए आईआईटी विशेषज्ञों की तकनीकी राय ली जाएगी। निरीक्षण के बाद तैयार होने वाले एक्शन प्लान के आधार पर जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम शुरू किया जाएगा।

आईआईटी गांधीनगर के एक्सपर्ट के साथ शहर के जलभराव वाले स्थानों की स्टडी की जाएगी। इसके लिए बुधवार को टीम के साथ निरीक्षण किया जाएगा, ताकि समस्या को दूर करने के लिए स्थायी इंतजाम किए जा सकें।

- प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम की बारिश में बंद पड़ीं फॉर्च्यूनर-होंडा सिटी जैसी कारें; पानी से भरी सड़कों पर शान से चले ट्रैक्टर

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के इफको चौक पर अचानक धंसी सड़क, नीचे की मिट्टी बहने से बना गड्ढा; मरम्मत में जुटा प्रशासन

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव, अगले कुछ दिन और वर्षा के आसार