गुरुग्राम के इफको चौक पर अचानक धंसी सड़क, नीचे की मिट्टी बहने से बना गड्ढा; मरम्मत में जुटा प्रशासन
इफको चौक पर दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन का एक हिस्सा सीवर लाइन में लीकेज के कारण धंस गया, जिससे ...और पढ़ें
HighLights
इफको चौक पर दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन धंस गई।
जीएमडीए की सीवर लाइन में लीकेज से सड़क के नीचे मिट्टी बही।
एनएचएआई करेगा सड़क की मरम्मत, जीएमडीए लीकेज ठीक करेगा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। इफको चौक पर दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर मंगलवार को अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और बड़ा गड्ढा हो गया। सड़क धंसने की सूचना मिलते ही जीएमडीए की टीम मौके पर पहुंची।
जांच में सामने आया कि जीएमडीए की सीवर लाइन में लीकेज होने के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे सड़क धंस गई। गड्ढा बड़ा होने के कारण जीएमडीए और ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल इसके चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी।
एनएचएआई कराएगा सड़क की मरम्मत
इफको चौक की सर्विस लेन दिल्ली-जयपुर हाईवे का हिस्सा है। इसलिए सीवर लाइन में लीकेज को ठीक करने के बाद सड़क की मरम्मत एनएचएआइ की ओर से कराई जाएगी। फिलहाल बैरिकेडिंग कर गड्ढे वाले हिस्से को सुरक्षित किया गया है, ताकि वाहन चालक इसकी चपेट में न आएं। जीएमडीए की टीम सीवर लाइन में हुए लीकेज को ठीक करने की कार्रवाई कर रही है।
तेज वर्षा के दौरान बढ़ रही सड़क धंसने की घटनाएं
तेज वर्षा के दौरान शहर में सीवर और अन्य भूमिगत लाइनों में लीकेज की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार वर्षा के कारण जमीन के नीचे पानी का दबाव बढ़ने और लीकेज से मिट्टी बहने के कारण कई स्थानों पर सड़क धंसने की समस्या हुई है। इफको चौक पर हुआ गड्ढा भी सीवर लाइन में लीकेज के कारण हुआ है।
सोहना हाईवे पर भी धंसी थी सड़क
पिछले दिनों सोहना हाईवे पर भी सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया था। इफको चौक पर फिलहाल बैरिकेडिंग कर दी गई है और लीकेज ठीक होने के बाद एनएचएआइ सड़क की मरम्मत कराएगा।
