...तो इस वजह से महिपाल ने जज की पत्नी और बेटे को मारी थी गोली, ये था विवाद
रेणु और ध्रुव को आर्केडिया मार्केट में छोड़कर महिपाल गाड़ी खड़ी कर कहीं चला गया था। वापस आने पर ध्रुव से उसका विवाद हुआ। दोनों के बीच मारपीट हुई।
गुरुग्राम, जेएनएन। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्णकांत की पत्नी रेणु (रितु) और बेटे ध्रुव पर गोली चलाने वाले सुरक्षाकर्मी (अब बर्खास्त) महिपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस का दावा है कि महिपाल ने जज की पत्नी व बेटे को तात्कालिक गुस्से की वजह से गोली मारी थी।
ध्रुव से हुआ विवाद
रेणु और ध्रुव को आर्केडिया मार्केट में छोड़कर महिपाल गाड़ी खड़ी कर कहीं चला गया था। वापस आने पर ध्रुव से उसका विवाद हुआ। दोनों के बीच मारपीट हुई। रेणु ने बीच-बचाव किया, इस बीच महिपाल ने दोनों पर गोलियां चला दीं। पुलिस अधिकारियों ने धर्म परिवर्तन व अन्य बातों का खंडन करते हुए कहा कि पूछताछ में महिपाल ने जज और उनके परिवार की तारीफ की है।
जवाब देने से बचते रहे पुलिस अधिकारी
मीडिया के सवालों का जवाब देने से पुलिस अधिकारी बचते रहे। एसआइटी प्रमुख डीसीपी सुलोचना गजराज व डीसीपी (क्राइम) सुमित कुमार ने कहा सुरक्षाकर्मी महिपाल नौकरी के साथ-साथ अन्य काम भी करता था। उसके परिचित की कुछ कैब ओला कंपनी में चलती हैं।
कैब चलाने चला जाता था महिपाल
कई बार ड्राइवर नहीं होता तो महिपाल कैब चलाने चला जाता था। किसी कंपनी के साथ चेन सिस्टम पर आगे ग्राहक बनाने का काम भी वह करता था। बदले में उसे कमीशन मिलता था। काम के दबाव में वह चिड़चिड़ा हो गया था।
ध्रुव की हालत गंभीर
गौरतलब है कि महिपाल ने रेणु और ध्रुव को शनिवार शाम गोली मारी थी। इलाज के दौरान रेणु की मौत हो गई जबकि ध्रुव को मेदांता में वेंटिलेटर के सहारे रखा गया है।