हनीट्रैप का शिकार हुआ गुरुग्राम का व्यक्ति, तीन साल में महिला ने ऐंठ लिए 90 लाख रुपये
गुरुग्राम में युवती ने प्यार का झांसा देकर एक युवक से तीन साल में 90 लाख रुपये ठग लिए। इतना ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
ऑनलाइन प्यार के नाम पर युवक से 90 लाख रुपये की ठगी।
युवती ने झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया।
पुलिस ने कैफे में 50 हजार लेते युवती को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में ऑनलाइन प्यार धोखा निकला। सुशांत लोक में रहने वाली कोलकाता की एक एमबीए पास युवती ने तीन साल तक ब्लैकमेल कर एक युवक से 90 लाख रुपये ऐंठ लिए।
आरोपी युवती ने पहले प्यार का झांसा देकर कई बार में लाखों रुपये लिए और जब युवक ने पैसे देने से मना कर दिया तो झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़ित ने पुलिस में की शिकायत
पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित युवक गुरुग्राम का रहने वाला है और सेक्टर-40 स्थित एक कंपनी में काम करता है और वह शादीशुदा है।
पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि उसकी दोस्ती करीब तीन साल पहले सीकिंग एप पर सूर्यदिता दास नाम की युवती से हुई थी। युवती ने एसजीटी से एमबीए किया है और चार साल से सुशांत लोक में रहती थी।
झूठे केस में फंसाने की धमकी
पुलिस जांच में सामने आया कि शुरुआत में युवती ने युवक से ऐसे ही जरूरत बताकर कई बार में लाखों रुपये ले लिए। युवक प्यार के चलते पैसे देता रहा। दोनों कई जगह घूमने भी गए। जब रकम बढ़ती गई और युवक ने पैसे देने से मना कर दिया, तो युवती ने अपना असली रंग दिखाया।
उसने युवक को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसी धमकी के बल पर उसने कुल मिलाकर 90 लाख रुपये नकद और अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। शादीशुदा होने के कारण युवक डर के मारे चुप रहा और शिकायत करने में देरी की।
कैफे में 50 हजार लेते पकड़ी गई
आखिरकार चार अक्टूबर को युवक ने हिम्मत जुटाकर सदर थाना पुलिस में शिकायत दी। उसने बताया कि युवती अभी भी पैसे मांग रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने जाल बिछाया। योजना के तहत युवक ने युवती को 50 हजार रुपये देने के लिए सेक्टर-47 के एक कैफे में बुलाया। जैसे ही युवती ने पैसे लिए, वहां पहले से मौजूद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने युवती के बैंक खातों की जांच की तो उसमें 95 लाख रुपये मिले, जिन्हें फ्रीज करा दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि युवती ने इसी तरह और कितने युवकों को अपना निशाना बनाया है।
