गुरुग्राम में अगले महीने से घर-घर उठेगा कूड़ा, नगर निगम ने जारी किया 5 साल का टेंडर; 875 गाड़ियां होंगी तैनात
गुरुग्राम में चरमराई कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम ने नई योजना बनाई है। नवंबर से घर-घर ...और पढ़ें

गुरुग्राम में अगले महीने से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन होगा। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में चरमराई कचरा संग्रहण व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर निगम ने नई तैयारी की है। करीब ढाई साल से चली आ रही अव्यवस्थाओं के बाद अगले महीने से घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू करने की योजना है।
इसके लिए पांच वर्ष के लिए टेंडर जारी किया गया है। दो कंपनियों को अलग-अलग क्लस्टरों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शुरुआती चरण में 100 वाहनों से काम शुरू होगा, जबकि पूरी व्यवस्था के तहत 875 वाहनों को उतारने की योजना है।
अगले महीने यानी नवंबर में घरों से कूड़ा उठान का कार्य शुरू हो जाएगा।
पांच साल के लिए दो कंपनियों को जिम्मेदारी
नगर निगम ने वर्ष 2017 में इको ग्रीन कंपनी को 20 वर्ष के लिए करीब 862 करोड़ रुपये का ठेका दिया था। लगातार शिकायतों और बंधवाड़ी कचरा निस्तारण स्थल पर कचरा जमा होने के चलते जून 2024 में कंपनी का अनुबंध रद्द कर दिया गया।
इसके बाद से शहर में कचरा संग्रहण व्यवस्था को लेकर छह-छह महीने के टेंडरों से काम चलाया जा रहा है। नई एजेंसियों को पांच साल तक कूड़ा उठान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निगरानी के लिए बनेगा नियंत्रण कक्ष
नई व्यवस्था में वाहनों की आवाजाही और कचरा संग्रहण की निगरानी के लिए केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष विकसित किया जाएगा। इससे कामकाज पर नजर रखने और शिकायतों के समाधान में मदद मिलने की उम्मीद है।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नई व्यवस्था में वाहनों की निगरानी से लेकर घर-घर कचरा संग्रहण तक जवाबदेही तय की जाएगी। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक घर से नियमित कचरा उठे और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिले।
व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि पुरानी समस्याएं दोबारा सामने न आएं।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में जाम का परमानेंट इलाज, ट्रकों के लिए बनेंगे नए रूट; GMDA ला रहा 'सिटी लॉजिस्टिक प्लान'
