गुरुग्राम में पुलिस की गाड़ी का काटना पड़ा चालान, एक बाइक पर एक्शन लेना ट्रैफिक पुलिसवालाें को पड़ गया भारी
गुरुग्राम में एक वकील के पिता की बाइक का चालान करने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस को सीआईए की सरकारी गाड़ी का भी चालान करना पड़ा।

सीआईए की गाड़ी ही नियमों का उल्लंघन करती मिली तो वकीलों के आगे झुकी ट्रैफिक पुलिस। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
वकील के पिता की बाइक का चालान हुआ
वकीलों ने सीआईए की सरकारी गाड़ी पर सवाल उठाए
ट्रैफिक पुलिस ने सरकारी वाहन का भी चालान किया
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जिला अदालत परिसर के जस्टिस टावर के बाहर शुक्रवार शाम बाइक के चालान को लेकर वकीलों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया।
एक वकील के पिता की बाइक पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट नहीं होने पर ट्रैफिक पुलिस ने चालान काट दिया। इसके बाद वकीलों ने पास खड़ी CIA (Crime Investigation Agency) की एक सरकारी गाड़ी पर भी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामला बढ़ने पर ट्रैफिक पुलिस ने सरकारी वाहन का भी चालान कर दिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
कोर्ट परिसर में ही मिल गई पुलिस की गाड़ी
वकील कुणाल के अनुसार, जलभराव के दौरान उनकी बाइक की नंबर प्लेट निकल गई थी। उन्होंने नई हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए आवेदन भी कर रखा है।
शुक्रवार शाम ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने नियमों का हवाला देते हुए बाइक का चालान कर दिया। इसकी जानकारी कोर्ट परिसर में मौजूद अन्य वकीलों को मिली तो कई वकील मौके पर पहुंच गए।
वकीलों ने पुलिसकर्मियों से सवाल किया कि जब आम लोगों के वाहनों पर नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है तो सरकारी वाहनों पर भी समान नियम लागू होने चाहिए।
नंबर प्लेट नहीं और लगे थे टिंटेड ग्लास
इसी दौरान वकीलों की नजर पास खड़ी सीआईए की गाड़ी पर गई। वकीलओं का आरोप था कि गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। इसके अलावा वाहन के शीशे भी नियमानुसार पारदर्शी नहीं थे और गाड़ी गलत दिशा से आकर खड़ी की गई थी।
वकीलों ने पुलिस वाहन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। आखिरकार ट्रैफिक पुलिस ने सरकारी गाड़ी का चालान कर दिया। एसीपी ट्रैफिक हाईवे एवं ट्रैफिक हेडक्वार्टर सत्यपाल यादव का कहना है कि नियम सभी के लिए बराबर हैं। जो भी नियम तोड़ेगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
