त्योहार पर गुरुग्राम में नहीं लगेगा जाम, हाईवे पर 24 और शहर में 16 घंटे ट्रैफिक पुलिस रहेगी तैनात
गुरुग्राम में त्योहारी सीजन के लिए यातायात पुलिस ने बड़ी पहल की है ताकि वाहन चालकों को जाम से निजात ...और पढ़ें

त्योहार में गुरुग्राम में नहीं लगेगा जाम। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। त्योहारी सीजन व आने वाले समय में वाहन चालकों को जाम से छुटकारा दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने बड़ी कोशिश शुरू की है। इसके तहत अब हाईवे पर 24 घंटे और जोनवार 16 घंटे ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।
पुलिसकर्मियों की लंबी तैनाती से यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी और वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
हाईवे के पांच प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे तैनाती
जहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, वहां आठ-आठ घंटे की शिफ्ट लगाई जाएगी। हर आठ घंटे पर पुलिसकर्मी बदलेंगे, ताकि थकान के कारण ड्यूटी प्रभावित न हो।
हाईवे पर सरहौल टोल प्लाजा, मानेसर बस स्टैंड, बिलासपुर चौक, नरसिंहपुर और हीरो होंडा चौक पर 24 घंटे तैनाती रहेगी। इन जगहों पर सबसे ज्यादा जाम लगता है, इसलिए यहां विशेष ध्यान दिया जाएगा।
ईस्ट और पुराने शहर में 16 घंटे रहेगी ड्यूटी
दूसरी ओर ईस्ट जोन में 14 और पुराने शहर में 11 चौक-चौराहों पर पुलिस की 16-16 घंटे तैनाती रहेगी। यहां दो शिफ्टों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सुबह छह बजे से लेकर रात 10 बजे तक इन चौराहों पर पुलिसकर्मी यातायात को सुचारु करने में जुटे रहेंगे।
नियम तोड़ने वालों पर भी रहेगी नजर
पुलिसकर्मियों की लंबी तैनाती से यातायात प्रबंधन में सहायता होगी। वाहन चालकों को जाम से राहत मिल सकती है। इसके साथ ही सड़क पर पुलिसकर्मी होंगे तो वाहन चालक भी नियमों का उल्लंघन नहीं करेंगे। त्योहारी सीजन में बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है, इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखना जरूरी है।
-सत्यपाल यादव, एसीपी ट्रैफिक हाईवे एवं हेडक्वार्टर
पूर्वी जोन के 14 चौक-चौराहे
- सिकंदरपुर पावर हाउस
- कन्हाई रेड लाइट
- जेड चौक
- मेफील्ड गार्डन
- ग्वाल पहाड़ी
- खुशहाल चौक
- घाटा पावर हाउस टी-प्वाॅइंट
- हुडा सिटी सेंटर
- यूनिटेक साइबर पार्क
- बख्तावर चौक
- साउथ सिटी-2 सोहना रोड
- ट्यूलिप कट सेक्टर-70/73 एसपीआर
- एसपीआर चौकी टी-प्वाॅइंट
- बादशाहपुर बस स्टैंड।
पश्चिम जोन के 11 चौक-चौराहे
- उद्योग विहार
- धुंधाहेड़ा बॉर्डर
- शनि मंदिर/पास्को रेड लाइट
- महावीर चौक
- अग्रसेन चौक
- सदर बाजार नियर मस्जिद
- कोर्ट टी-प्वाॅइंट एंड पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस
- हिमगिरी चौक
- कृष्णा चौक
- रेलवे स्टेशन टी-प्वाॅइंट
- माता मंदिर रोड।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में दीपावली पर सिर्फ दो दिन जलेंगे ग्रीन पटाखे, जारी हुई नई गाइडलाइंस