विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम की 19 सड़कों पर लगेंगी 2480 स्ट्रीट लाइटें, रात में सफर होगा सुरक्षित और रोशन

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:01 PM (IST)

गुरुग्राम नगर निगम 19 सड़कों पर 2480 स्ट्रीट लाइटें लगा रहा है, जिससे फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज रोशन होंगे। यह ...और पढ़ें

गुरुग्राम की 19 सड़कों पर लगेंगी 2480 स्ट्रीट लाइटें ( एआई जेनरेटेड इमेज )

गुरुग्राम की 19 सड़कों पर लगेंगी 2480 स्ट्रीट लाइटें ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. गुरुग्राम में 19 सड़कों पर 2480 स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।

  2. फुटपाथों और सेंट्रल वर्ज पर रोशनी से सुरक्षा बढ़ेगी।

  3. रात में आवागमन सुरक्षित होगा, दुर्घटनाएं कम होंगी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में सड़क सुरक्षा, बेहतर रोशनी और नागरिकों की सुरक्षा व आवागमन को बेहतर करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा पहले चरण में 19 सड़कों के फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज पर 2480 स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य चल रहा है।

इनमें 10 सड़कों के फुटपाथों पर 2050 तथा नौ सड़कों के सेंट्रल वर्ज पर 430 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। मेदांता रोड के फुटपाथ पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है।

इन जगहों पर लगाई जाएगी स्ट्रीट लाइट

योजना के तहत फुटपाथों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए चिह्नित दस सड़कों में हुडा सिटी सेंटर से सिग्नेचर चौक, हुडा सिटी सेंटर से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, हुडा सिटी सेंटर से बख्तावर सिंह चौक, बख्तावर सिंह चौक से मेदांता ट्रैफिक लाइट, हीरो होंडा चौक से बख्तावर चौक, बख्तावर चौक से मेफील्ड गार्डन रोड, मेफील्ड गार्डन से एसपीआर रोड, सोहना रोड पर पार्क अस्पताल से मेफील्ड गार्डन, पार्क अस्पताल चौक से एसपीआर रोड तथा धर्म मार्ग शामिल हैं।

वहीं, नौ सड़कों के सेंट्रल वर्ज पर भी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इनमें सेक्टर डिवाइडिंग रोड 45-46, 45-53, 51-52-57, 53-56, 44-52, 51-52, 45-48, गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड और सेक्टर डिवाइडिंग रोड 51-46 शामिल हैं।

रात में आवागमन होगा अधिक सुरक्षित

सड़कों और फुटपाथों पर पर्याप्त रोशनी होने से रात के समय पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिलेगी।

इससे दुर्घटनाओं की आशंका कम करने और अंधेरे वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। सेंट्रल वर्ज पर स्ट्रीट लाइटें लगने से सड़क के बीच वाले हिस्से में भी रोशनी सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

दूसरे चरण के लिए नागरिकों से मांगे सुझाव

यह योजना पहले चरण में लागू की जा रही है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र की कोई सड़क इस सूची में शामिल होने से छूट गई है, तो उसकी जानकारी निगम को दें।

प्राप्त सुझावों पर विचार करते हुए छूटी हुई सड़कों को दूसरे चरण की योजना में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी नागरिक अस्पताल में 1 नवंबर से शुरू होगी अमृत फार्मेसी, मरीजों को मिलेंगी सस्ती दवाएं