विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम: THAR से छात्र को मारी टक्कर, फिर यूनिवर्सिटी के गेट पर बेरहमी से पीटा; दबंगई CCTV में कैद

Published: Sat, 26 Sep 2026 12:06 PM (IST)

गुरुग्राम में एक निजी विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों के बीच विवाद में एक छात्र को थार कार से टक्कर मारकर सड़क पर पीटा गया।

HighLights

  1. गुरुग्राम में विश्वविद्यालय के बाहर छात्र को थार से टक्कर मारी।

  2. सड़क पर ही छात्रों ने मिलकर पीड़ित छात्र की बेरहमी से पिटाई की।

  3. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में सेक्टर-53 स्थित एक निजी विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर छात्रों के बीच हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। सफेद रंग की थार से एक छात्र को टक्कर मारने के बाद कुछ छात्रों ने सड़क पर ही उसके साथ मारपीट की।

करीब डेढ़ मिनट की यह पूरी वारदात विश्वविद्यालय के गेट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मामले में पीड़ित छात्र की शिकायत पर सेक्टर-53 थाना पुलिस ने रपट दर्ज की है।

टक्कर के बाद छात्र सड़क पर गिरा

पुलिस के अनुसार, घटना 22 सितंबर सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। पीड़ित छात्र विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान विषय की पढ़ाई कर रहा है। वह सुबह मुख्य द्वार से बाहर निकला था। इसी दौरान सफेद रंग की थार कार वहां पहुंची और छात्र को टक्कर लग गई। टक्कर के बाद छात्र सड़क पर गिर गया।

वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद

इसके बाद कार में सवार कुछ छात्र नीचे उतरे और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में छात्र को चोटें आईं। पूरी घटना विश्वविद्यालय के गेट और आसपास लगे कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।

फुटेज में थार कार के आने, छात्र को टक्कर लगने और उसके बाद छात्रों के बीच मारपीट का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-53 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हुई।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

पुलिस ने दोनों पक्षों के छह छात्रों को थाने बुलाकर उनके स्वजन की मौजूदगी में सख्त चेतावनी दी और फिलहाल छोड़ दिया।

वहीं, सेक्टर-53 थाना प्रभारी ने गुरुवार को विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेजकर घटना में शामिल दोषी छात्रों के खिलाफ विश्वविद्यालय स्तर पर प्रशासनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में रोडरेज: स्कार्पियो सवार दबंगों ने कार का शीशा फोड़ा, थाने के बाहर पीड़ित पर धारदार हथियार से हमला