विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में SPR-सोहना रोड के बीच बनेगा 900 मीटर का मिसिंग लिंक, 6 सेक्टरों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

Published: Tue, 22 Sep 2026 01:55 AM (IST)

दक्षिणी गुरुग्राम में सेक्टर 68/69 की डिवाइडिंग रोड पर 900 मीटर लंबे मिसिंग लिंक का शिलान्यास किया गया है। यह ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. 900 मीटर लंबे मिसिंग लिंक का शिलान्यास किया गया।

  2. एसपीआर और सोहना रोड के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा।

  3. छह सेक्टरों के लोगों को आवागमन में मिलेगी सुविधा।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दक्षिणी गुरुग्राम में तेजी से बढ़ते यातायात के बीच सेक्टर 68/69 की डिवाइडिंग रोड पर लंबे समय से चली आ रही कनेक्टिविटी की कमी अब दूर होगी।

प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को करीब 900 मीटर लंबे मिसिंग लिंक के निर्माण का शिलान्यास किया। इसके बनने से सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) और सोहना रोड के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा। साथ ही सेक्टर 68, 69, 70, 70ए, 75 और 76 के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से इस परियोजना को केवल सड़क निर्माण तक सीमित न रखकर एकीकृत गलियारे के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें मुख्य सड़क के साथ सर्विस रोड, पैदल पथ, जल निकासी और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।

शिलान्यास समारोह में राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के तेजी से विस्तार के साथ आधारभूत ढांचे को भी उसी गति से मजबूत करना जरूरी है। यह परियोजना क्षेत्र के निवासियों के साथ रोजाना आवागमन करने वाले लोगों और कारोबारियों के लिए संपर्क व्यवस्था बेहतर करेगी।

900 मीटर नई सड़क, दो किलोमीटर सर्विस रोड

परियोजना के तहत करीब 900 मीटर लंबी नई मुख्य सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा लगभग 1100 मीटर मौजूदा सड़क पर नई परत बिछाने का काम होगा। स्थानीय यातायात को मुख्य सड़क से अलग रखने के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी दो लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाएगी।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि सड़क नेटवर्क में छूटे हुए संपर्कों को जोड़ना और पूरे नेटवर्क को एकीकृत करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है।

संबंधित अधिकारियों को परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ाने और निर्धारित 12 महीने की समयसीमा में इसे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना में पैदल चलने वालों के लिए अलग फुटपाथ बनाया जाएगा। वर्षा के पानी की निकासी के लिए सतही नाले विकसित किए जाएंगे।

सड़क के आसपास हरित क्षेत्र और पौधारोपण का काम भी किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, मिसिंग लिंक तैयार होने के बाद एसपीआर, सोहना रोड और आसपास के सेक्टरों के बीच यातायात का संपर्क बेहतर होगा और क्षेत्र की भविष्य की आवागमन संबंधी जरूरतों के लिए सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में मिसिंग लिंक रोड का निर्माण शुरू, बेहतर कनेक्टिविटी से इन सेक्टर के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा बिजनौर, उलेढ़ा से विदुरकुटी तक बनेगा 11 KM लंबा लिंक रोड