गुरुग्राम सेक्टर-52 में कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, कबाड़ गाड़ी भी जलकर खाक
गुरुग्राम के सेक्टर-52 में सोमवार रात कूड़े के ढेर में भीषण आग लग गई, जिसने पास खड़ी एक कबाड़ गाड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
-1792492886648_m.webp)
गुरुग्राम सेक्टर-52 में कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
सेक्टर-52 गुरुग्राम में कूड़े के ढेर में आग लगी।
आग की चपेट में आई एक पुरानी कबाड़ गाड़ी।
दमकल विभाग ने एक घंटे में आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-52 में सोमवार रात कूड़े के ढेर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी एक पुरानी कबाड़ गाड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कूड़े के ढेर से शुरू हुई आग
आग सोमवार रात को लगी थी। सबसे पहले सेक्टर-52 के खाली प्लाट में पड़े कूड़े के ढेर में आग सुलगी। सूखा कचरा और प्लास्टिक होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में भीषण रूप धारण कर लिया और लपटें दूर तक उठने लगीं।
काले धुएं के गुबार से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी।
चपेट में आई कबाड़ में खड़ी गाड़ी
कूड़े के ढेर के बिल्कुल पास ही एक पुरानी कबाड़ गाड़ी लंबे समय से खड़ी थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कबाड़ गाड़ी भी चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी। आसपास के लोगों ने अपनी गाड़ियां वहां से हटाईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दमकल ने पाया काबू, जांच शुरू
सूचना मिलते ही सेक्टर-29 दमकल केंद्र से दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार आग लगने का कारण बीड़ी-सिगरेट की चिंगारी या कचरे में जलता हुआ कचरा फेंकना हो सकता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों ने निगम से खाली प्लाटों से कचरा हटाने की मांग की है।
