विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम की सड़के बदहाल, एक महीने भी नहीं चली सेक्टर-45 की सड़क; सफाई और बुनियादी सुविधाओं का भी आभाव

Published: Mon, 16 Mar 2026 03:22 PM (IST)

गुरुग्राम के सेक्टर-45 में बुनियादी सुविधाओं की हालत खराब है। हाल ही में बनी सड़कें टूट रही हैं, जिससे गुणवत्ता ...और पढ़ें

सेक्टर 45 में कुछ दिनों पहले बनी सड़क हुई खस्ताहाल। जागरण

सेक्टर 45 में कुछ दिनों पहले बनी सड़क हुई खस्ताहाल। जागरण

HighLights

  1. नई बनी सड़कें टूटीं, गुणवत्ता पर उठे सवाल।

  2. सेक्टर-45 में सफाई व्यवस्था खराब, कूड़े के ढेर।

  3. टूटे फुटपाथ, उपेक्षित पार्क; निगम से सुधार की मांग।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी के सेक्टर-45 में बुनियादी सुविधाओं की हालत इन दिनों सवालों के घेरे में है। हाल ही में बनाई गई सड़क कई स्थानों से टूटने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताई है।

सड़क पर जगह-जगह दरारें और गड्ढे बनने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सड़क बनने के कुछ ही समय बाद इसकी हालत खराब हो जाना लापरवाही को दर्शाता है।

16GUR_9_16032026_133

दुर्घटना का खतरा बना रहता है

खासकर दोपहिया चालकों के लिए यह सड़क जोखिम भरी हो गई है। रात के समय गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। सड़क के साथ-साथ सेक्टर में सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।

कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और नियमित सफाई न होने से बदबू की समस्या भी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में खास बदलाव नहीं आया है।

16GUR_11_16032026_133

फुटपाथ टूटा पड़ा है, लोग सड़क पर चलते हैं 

सेक्टर के कई फुटपाथ टूटे हुए हैं, जिससे लोगों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है। इससे ट्रैफिक के बीच पैदल चलना खतरनाक हो गया है। इसके अलावा पार्कों में भी रखरखाव की कमी साफ दिखाई देती है। कई जगह झूले टूटे पड़े हैं और घास-पौधों की देखभाल नहीं हो रही है।

आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि सेक्टर-45 में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, नई बनी सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और फुटपाथ व पार्कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से मिल सकें।

16GUR_12_16032026_133


साफ-सफाई की गंभीर समस्या है। सड़कें सूखे पत्तों और धूल से भरी हुई हैं। ये पत्ते उड़कर धूल फैलाते हैं, जिससे खतरनाक बीमारियां फैलने का खतरा रहता है, साथ ही आग लगने का भी खतरा बना रहता है। एमसीजी को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।

- ओम प्रकाश यादव, आरडब्ल्यूए प्रधान, सेक्टर-45

सेक्टर 45 के एंट्रेंस पर लेबर चौक पर भारी जाम और अव्यवस्था बनी रहती है, लेकिन प्रशासन इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। यह मुद्दा तुरंत प्रभाव से हल किया जाना चाहिए, क्योंकि इसकी वजह से स्थानीय निवासियों को रोजाना आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

- तरंग अग्रवाल, सदस्य, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-45

सेक्टर में साफ- सफाई का अभाव है, जगह- जगह कूड़े के ढेर लगे हुए है। फुटपाथ टूटे हुए है कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवा चुके है लेकिन कोई सुनने वाला नही है।

ललित मोहन मनोचा, उप प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-45

यह भी पढ़ें- अब गुरुग्राम टू वडोदरा सिर्फ 10 घंटे में... दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देश की पहली 8 लेन टनल तैयार