विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में रोडरेज में मां-बेटी की कार में मारी टक्कर, रॉड से हेडलाइट तोड़ी; 25 दिन बाद FIR

Published: Wed, 23 Sep 2026 11:00 PM (IST)

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक और रोडरेज की घटना सामने आई है, जहां एक स्कॉर्पियो चालक ने माँ-बेटी ...और पढ़ें

मां-बेटी से अभद्र व्यवहार किया और गाड़ी से लोहे की राॅड निकालकर कार की हेडलाइट तोड़ दी। वीडियो ग्रैब

मां-बेटी से अभद्र व्यवहार किया और गाड़ी से लोहे की राॅड निकालकर कार की हेडलाइट तोड़ दी। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. गुरुग्राम में माँ-बेटी की कार पर रोडरेज हमला हुआ।

  2. स्कॉर्पियो चालक ने कार की हेडलाइट रॉड से तोड़ी।

  3. पुलिस ने 25 दिन बाद लापरवाही की धाराओं में केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान से रोडरेज का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि इसी रोड पर रोडरेज का एक और मामला सामने आया है। स्काॅर्पियो चालक ने एआईटी चौक पर पहले कार में साइड से टक्कर मारी। इसके बाद कार सवार मां-बेटी से अभद्र व्यवहार किया और गाड़ी से लोहे की राॅड निकालकर कार की हेडलाइट तोड़ दी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया।

धाराओं में लापरवाही से गाड़ी चलाने का जिक्र

रोडरेज की यह घटना पिछले महीने 27 अगस्त को हुई थी। इस मामले में सेक्टर 56 थाना पुलिस का लापरवाह रवैया भी सामने आया है। जहां महिला बाइकर केस में वीडियो प्रसारित होते ही इसी सेक्टर 56 थाना पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर हत्या के प्रयास तक का केस दर्ज कर लिया था।

वहीं, कार सवार मां-बेटी से अभद्रता के मामले में 25 दिन बाद केस दर्ज किया गया। वह भी तुरंत शिकायत देने के बाद। कई बार मां-बेटी ने थाने के चक्कर लगाए, इसके बाद यह एफआइआर मंगलवार को दर्ज की गई। इसमें भी जो धाराएं लगाई गई हैं, उनके सिर्फ लापरवाही से गाड़ी चलाने की हैं। महिला से अभद्र व्यवहार की धाराओं का जिक्र नहीं किया गया है।

डैशकैम में रिकार्ड हुई घटना, टेंपरेरी नंबर की थी स्काॅर्पियो

पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर 55 निवासी पीड़ित महिला पूजा वर्मा ने बताया कि वह 27 अगस्त को अपनी बेटी खुशबू के साथ अपनी स्विफ्ट कार से सेक्टर-54 मेट्रो स्टेशन की तरफ जा रही थीं। एआईटी चौक के पास काले रंग की स्काॅर्पियो-एन गाड़ी के चालक ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। गाड़ी पर टेंपरेरी (T0125DL04558) नंबर था।

रॉड से तोड़ने लगा हेडलाइट

आरोप है कि जब मां-बेटी ने इसका विरोध किया तो आरोपित चालक ने आगे अपनी गाड़ी लगाकर उनकी कार को रोक लिया। कार सवार मां-बेटी से अभद्र भाषा में गाली-गलौज तक की। इसके बाद आरोपित चालक ने अपनी गाड़ी से लोहे की राॅड निकालकर स्विफ्ट की हेडलाइट तोड़ दी और मौके से फरार हो गया।

न थाना प्रभारी ने फोन उठाया न आईओ ने

महिला का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद ही थाने में वारदात की शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 25 दिन तक चक्कर कटवाने के बाद एफआइआर दर्ज की गई। फिलहाल मामले की जांच हेड कांस्टेबल संजीत कुमार कर रहे हैं। इस मामले में जानकारी लेने के लिए सेक्टर 56 थाना प्रभारी और जांचकर्ता को कई बार फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया।

यह भी पढ़ें- देह व्यापार में किसी को पति ने धकेला तो किसी को दलालों ने, 40 महिलाओं ने बताया सच; भांग का लेती थीं 'सहारा'