विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम सेक्टर-38 में रोडरेज, आमने-सामने से कई बार भिड़ीं कारें; युवक पर गाड़ी चढ़ाने का VIDEO वायरल

Published: Sun, 20 Sep 2026 10:26 AM (IST)

गुरुग्राम के सेक्टर-38 मार्केट में रोडरेज का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मामूली साइड लेने के विवाद ...और पढ़ें

HighLights

  1. सेक्टर-38 मार्केट में रोडरेज की घटना सामने आई

  2. बलेनो और हुंडई औरा चालकों ने एक-दूसरे को टक्कर मारी

  3. एक कार चालक ने दूसरे युवक को कुचलने का प्रयास किया

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में एक के बाद एक कार चालकों द्वारा गुंडागर्दी के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला गुरुग्राम के सेक्टर-38 मार्केट का है। रोडरेज की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई।

मामूली साइड लेने के विवाद में दो कार वालों ने बीच मार्केट में जमकर गुंडागर्दी की। बलेनो और हुंडई औरा दोनों ने एक-दूसरे को कई बार जोरदार टक्कर मारी। इस दौरान बलेनो चालक ने औरा सवार युवक को कुचलने का भी प्रयास किया।

आमने-सामने भिड़ीं दोनों कारें

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी देर तक दोनों गाड़ियां एक-दूसरे को टक्कर मारती रहीं। यह पूरी घटना मार्केट में मौजूद लोगों के सामने हुई, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है।

इसमें दो कार आमने सामने दिख रही हैं। पहले बलेनो चालक ने औरा को टक्कर मारी। औरा कार में बैठे युवक को जब लगा कि सामने वाला जानबूझकर उसकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा रहा है, तो वह आरोपी को रोकने के लिए कार से नीचे उतरा।

जैसे ही वह बाहर आया, बलेनो के चालक ने कार की दिशा उसकी तरफ मोड़ दी और तेजी से एक्सीलेटर दबाकर उसे कुचलने की नियत से आगे बढ़ा दिया। गनीमत रही कि पीड़ित युवक ने फुर्ती दिखाते हुए बगल में छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।

इसके बाद औरा ड्राइवर ने भी बलेनो को दो बार टक्कर मारी। यह सिलसिला दोनों कारों के बीच कई बार चला। औरा सवार युवक ने बलेनो पर पत्थर भी मारे।

युवक को कुचलने की कोशिश

पुलिस के पहुंचने से पहले भागे आरोपी मार्केट की पार्किंग के बीचों-बीच हो रही इस खतरनाक वारदात को देखकर दुकानदार और राहगीर सन्न रह गए। लोगों ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।

मौके से भाग निकले दोनों ड्राइवर

लोगों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, उसके सामने ही दोनों कारों के ड्राइवर गाड़ियों को लेकर वहां से भाग निकले। वीडियो देखकर लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और सड़कों पर बढ़ रही गुंडागर्दी पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर गाड़ियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। अभी किसी तरफ से शिकायत नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के PG में चल रहा था गंदा धंधा, देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़; विदेशी नागरिकों समेत 21 पकड़े