गुरुग्राम के PG में चल रहा था गंदा धंधा, देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़; विदेशी नागरिकों समेत 21 पकड़े
गुरुग्राम पुलिस ने सफायर-90 मॉल के स्पा सेंटरों पर छापेमारी के बाद देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी ...और पढ़ें

गुरुग्राम में पीजी से चल रहा था देह व्यापार। फोटो: सांकेतिक
HighLights
सफायर-90 मॉल के 18 स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी
झाड़सा निवासी साहिल और पत्नी देह व्यापार नेटवर्क चलाने में गिरफ्तार
सेक्टर-38 पीजी और मॉल से कुल 71 लोग हिरासत में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सफायर-90 मॉल के 18 स्पा सेंटरों पर छापेमारी के बाद गुरुग्राम पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
रेस्क्यू की गई एक पीड़िता से पूछताछ में झाड़सा निवासी साहिल द्वारा चलाए जा रहे संगठित तस्करी नेटवर्क का पता चला। पुलिस ने साहिल को उसकी पत्नी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता से पूछताछ में खुला नेटवर्क
शुरुआती जांच में सामने आया है कि साहिल इस धंधे के लिए वेबसाइट चलाता था और वॉट्सएप चैट व दूसरे माध्यमों से ग्राहकों से संपर्क करता था। यह पूरा नेटवर्क पीजी, गेस्ट हाउस, गाड़ियों और 10-12 साथियों के जरिए चल रहा था।
पीड़िता ने बताया कि नाबालिग होने के दौरान उसे जबरन झाड़सा के एक ठिकाने पर रखा गया था। इसी जानकारी के बाद पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू की।
सेक्टर-38 पीजी में 21 लोग मिले
एसीपी अभिलक्ष जोशी और हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी की निगरानी में शनिवार रात सेक्टर-38 के एक पीजी में संयुक्त छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान विदेशी नागरिकों समेत 13 पुरुष और आठ महिलाएं मिलीं। सभी को हिरासत में लिया गया है।
सदर थाने में संबंधित धाराओं में नई एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क से और भी लोग जुड़े हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
सफायर मॉल में 50 लोग हिरासत
इससे पहले शुक्रवार रात हरियाणा महिला आयोग के नेतृत्व में गुरुग्राम पुलिस ने सफायर-90 मॉल के 18 स्पा सेंटरों पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान 50 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें 30 लड़कियां भी शामिल थीं।
